Top 5 This Week

Related Posts

मध्यमग्राम में सुवेंदु अधिकारी के करीबी सहयोगी की हत्या, बीजेपी ने बताया सुनियोजित साजिश

कोलकाता। पश्चिम बंगाल के मध्यमग्राम में भाजपा नेता Suvendu Adhikari के निजी सहायक और करीबी सहयोगी चंद्रनाथ रथ की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद राज्य की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। भाजपा ने इसे सुनियोजित राजनीतिक हत्या बताते हुए राज्य सरकार पर गंभीर सवाल उठाए हैं।

जानकारी के अनुसार बुधवार रात चंद्रनाथ रथ अपनी कार से घर लौट रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार हमलावरों ने उनकी गाड़ी को घेर लिया और करीब से फायरिंग कर दी। हमले में रथ को कई गोलियां लगीं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना में उनके साथ मौजूद एक अन्य व्यक्ति भी घायल बताया जा रहा है।

घटना के बाद सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि यह हत्या पूरी तरह योजनाबद्ध तरीके से की गई। उनका दावा है कि हमलावरों ने दो से तीन दिनों तक इलाके की रेकी की थी और पूरी तैयारी के साथ वारदात को अंजाम दिया गया। उन्होंने कहा कि पुलिस को घटनास्थल से कई महत्वपूर्ण सबूत मिले हैं और मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।

पुलिस के अनुसार हमलावरों ने वारदात को अंजाम देने के लिए कई वाहनों का इस्तेमाल किया। शुरुआती जांच में फर्जी नंबर प्लेट के इस्तेमाल की बात भी सामने आई है। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से कारतूस और अन्य साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है।

चंद्रनाथ रथ लंबे समय से सुवेंदु अधिकारी के साथ जुड़े हुए थे और भाजपा संगठन में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका मानी जाती थी। बताया जा रहा है कि वे पूर्व में भारतीय वायुसेना से भी जुड़े रहे थे।

घटना के बाद भाजपा नेताओं ने राज्य में कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। वहीं तृणमूल कांग्रेस ने भी हत्या की निंदा करते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के बाद राज्य में राजनीतिक हिंसा को लेकर पहले से ही तनाव बना हुआ है।

Popular Articles