Top 5 This Week

Related Posts

आंधी-तूफान में फंसे 30 लोगों को SDRF ने सुरक्षित निकाला

टिहरी गढ़वाल। जिले के डोबरा-चाटी क्षेत्र में आए अचानक तेज आंधी-तूफान के बीच झील में बने फ्लोटिंग हटमेंट क्षतिग्रस्त होने से करीब 25 से 30 लोग फंस गए। सूचना मिलते ही राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF) ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी लोगों को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया।

आपदा कंट्रोल रूम टिहरी गढ़वाल को शनिवार शाम लगभग 7:45 बजे सूचना मिली कि डोबरा-चाटी के पास झील क्षेत्र में तेज हवाओं और तूफान के कारण फ्लोटिंग हटमेंट टूट गए हैं और उनमें मौजूद लोगों के फंसे होने की आशंका है। सूचना मिलते ही कोटी कॉलोनी स्थित SDRF पोस्ट से उपनिरीक्षक नरेंद्र राणा के नेतृत्व में टीम आवश्यक उपकरणों के साथ घटनास्थल के लिए रवाना हुई।

मौके पर पहुंचने पर टीम ने पाया कि तेज हवाओं के कारण कई हटमेंट बुरी तरह क्षतिग्रस्त होकर बह गए थे। SDRF जवानों ने तत्काल रेस्क्यू अभियान चलाया और नावों की मदद से सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। बाद में पर्यटक एवं अन्य लोगों को पर्यटन विभाग की बोट से कोटी कॉलोनी पहुंचाया गया।

घटना के बाद प्रशासन ने मौसम को देखते हुए सतर्कता बढ़ा दी है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों के लिए गरज-चमक, तेज हवाओं और भारी बारिश की संभावना जताते हुए अलर्ट जारी किया है। अधिकारियों को ट्रेकिंग गतिविधियों पर निगरानी रखने और राहत-बचाव टीमों को तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं।

तेजी से चलाए गए रेस्क्यू अभियान के कारण बड़ी दुर्घटना टल गई और सभी लोग सुरक्षित बचा लिए गए।

Popular Articles