नई दिल्ली। मानसून की तेज़ बरसात ने देशभर में जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। पिछले 24 घंटों के भीतर अलग-अलग राज्यों में बारिश से जुड़ी घटनाओं में 11 से अधिक लोगों की मौत हो गई, जबकि कई घायल हुए हैं। सबसे अधिक तबाही झारखंड में देखने को मिली, जहां पांच लोगों की जान गई और कई घायल हो गए।
झारखंड सबसे प्रभावित
झारखंड में सरायकेला-खरसावां जिले में एक घर ढहने से मां-बेटे की मौत हो गई और आठ लोग घायल हो गए। खरसावां में दीवार गिरने से 5 वर्षीय बच्चे की मौत हुई, जबकि तीन लोग घायल हो गए। चतरा जिले में नदी में बहने से पति की मौत हो गई और पत्नी लापता है। पत्थलगड़ा प्रखंड में बारिश से जुड़े हादसे में एक और मौत हुई। कुल मिलाकर राज्य में पांच मौतें और एक व्यक्ति के लापता होने की पुष्टि हुई है।
मौसम विभाग ने झारखंड के पलामू, गढ़वा और चतरा जिलों में आज भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है।
अन्य राज्यों की स्थिति
• जम्मू-कश्मीर और राजस्थान में दो-दो लोगों की मौत हुई है।
• तमिलनाडु में बिजली गिरने से एक व्यक्ति की जान गई।
• उत्तराखंड में भारी बारिश के बीच उत्तरकाशी जिले के स्यानाचट्टी में एक महिला की मौत हुई।
• हिमाचल प्रदेश में लगातार बारिश के कारण कई सड़कें बंद करनी पड़ी हैं, जिनमें एक राष्ट्रीय राजमार्ग भी शामिल है। राज्य इस मानसून सीजन में अब तक कई बादल फटने की घटनाओं से प्रभावित हो चुका है।
कृत्रिम झील से खतरा टला
उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले के स्यानाचट्टी क्षेत्र में भारी बारिश और मलबे से यमुना नदी का प्रवाह बाधित हो गया था, जिससे कृत्रिम झील बन गई थी। अधिकारियों ने बताया कि झील का जलस्तर अब लगभग 12 फीट कम हो गया है और स्थिति नियंत्रण में है।
बिहार में दर्दनाक हादसा
पूर्णिया जिले के कस्बा ब्लॉक में खड़ी कोसी नदी में 9 साल की एक बच्ची फिसलकर गिर गई। उसे बचाने के लिए परिवार के चार सदस्य नदी में कूद पड़े, लेकिन तेज़ धारा में बहकर सभी की मौत हो गई। इस दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है।
बंगाल और दिल्ली में अलर्ट
पश्चिम बंगाल के 11 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। वहीं, राजधानी दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में शनिवार को जमकर बारिश हुई। मौसम विभाग ने रविवार को भी गरज-चमक के साथ मध्यम से भारी बारिश की संभावना जताई है।





