स्यानाचट्टी में बनी झील के खतरे को देखते हुए गंगनानी स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय को खाली कराया गया। विद्यालय की करीब 150 छात्राओं को पहले एक होटल और फिर एसडीआरएफ द्वारा अधिग्रहित मिनी सचिवालय भवन में शिफ्ट किया गया। लगातार ठिकाने बदलने से छात्राओं को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है।
इसी बीच, झील का पानी स्यानाचट्टी के उच्चतर माध्यमिक विद्यालय और जूनियर हाईस्कूल भवन में भी भर गया है, जिससे पढ़ाई पूरी तरह ठप हो गई है। आसपास के तीन से चार गांवों के करीब 50 छात्र-छात्राओं की शिक्षा पर असर पड़ रहा है।
शिक्षा विभाग अब ऑनलाइन कक्षाओं पर विचार कर रहा है। खंड शिक्षा अधिकारी बी.एस. चौहान ने बताया कि जलस्तर सामान्य होने के बाद स्कूलों का निरीक्षण किया जाएगा और जरूरत पड़ी तो बच्चों के लिए ऑनलाइन क्लास शुरू की जाएगी।





