देशभर में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। कई राज्यों में मूसलाधार बारिश से जनजीवन प्रभावित है। पहाड़ी इलाकों में बादल फटने से तबाही देखने को मिल रही है, जबकि मैदानी राज्यों में बाढ़ का संकट गहरा गया है।
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 19 अगस्त को गुजरात, महाराष्ट्र, कर्नाटक और गोवा में रेड अलर्ट जारी किया है। इन राज्यों में भारी से अत्यधिक बारिश के साथ मेघगर्जन और बिजली गिरने की आशंका है।
मुंबई की हालत खराब
लगातार बरसात से मायानगरी जलमग्न है। अंधेरी सबवे, कर्ला और लोखंडवाला सहित कई इलाकों में जलभराव से सड़कें बंद हो गई हैं। लोकल ट्रेनों की रफ्तार भी प्रभावित हुई है। IMD ने लगातार चौथे दिन मुंबई में रेड अलर्ट जारी किया है।
हिमाचल-उत्तराखंड में येलो अलर्ट
हिमाचल प्रदेश के ऊना, बिलासपुर, चंबा, कांगड़ा, कुल्लू और मंडी जिलों में 22 अगस्त तक भारी बारिश की संभावना है। वहीं उत्तराखंड के उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, पिथौरागढ़, देहरादून और नैनीताल में भी येलो अलर्ट जारी किया गया है।
दिल्ली में उमस, 22 से बदलेगा मौसम
दिल्ली-एनसीआर में अगले दो दिन हल्की बारिश के साथ उमस भरी गर्मी का दौर जारी रहेगा। 22 से 24 अगस्त के बीच राजधानी में झमाझम बारिश और आंधी-तूफान की संभावना है।
यूपी-बिहार में गर्मी और उमस
उत्तर प्रदेश में 21 अगस्त तक तेज धूप और उमस लोगों को परेशान करेगी। इसके बाद कई जिलों में भारी बारिश हो सकती है। बिहार में भी हल्की से मध्यम बारिश का पूर्वानुमान है, लेकिन तापमान में इजाफा और उमस बढ़ने की आशंका बनी हुई है।





