Wednesday, March 4, 2026

Top 5 This Week

Related Posts

बिहार में 80% से अधिक मतदाताओं से सीधा संपर्क, ईसीआईनेट पर डिजिटल प्रक्रिया तेज

पटना। भारतीय चुनाव आयोग (ईसीआई) ने बिहार में मतदाता सूची को अद्यतन करने की प्रक्रिया में बड़ी सफलता हासिल की है। आयोग ने शनिवार को जारी बयान में बताया कि राज्य के 80.11% मतदाताओं से सीधा संपर्क स्थापित किया जा चुका है और अब तक 6.32 करोड़ गणना फॉर्म (ईएफ) एकत्र किए जा चुके हैं।

चुनाव आयोग ने 25 जुलाई की निर्धारित समय-सीमा से पहले ही अधिकांश ईएफ एकत्र कर लेने की संभावना जताई है। इसके लिए राज्य भर में 77,895 मौजूदा बूथ स्तर के अधिकारी (बीएलओ) और 20,603 नव नियुक्त बीएलओ सक्रिय रूप से कार्यरत हैं। इनकी निगरानी 38 जिला निर्वाचन अधिकारियों (डीईओ), निर्वाचक पंजीकरण अधिकारियों (ईआरओ), और 963 सहायक ईआरओ (एईआरओ) द्वारा की जा रही है।

इसके अलावा, सभी राजनीतिक दलों की ओर से नियुक्त 1.5 लाख बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क कर रहे हैं, ताकि 24 जून 2025 तक मतदाता सूची में शामिल हर व्यक्ति को सूची में सुनिश्चित किया जा सके।

चुनाव आयोग ने यह भी बताया कि लगभग 4 लाख स्वयंसेवकों को वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों और अन्य कमजोर वर्गों की सहायता के लिए लगाया गया है। ईसीआईनेट पोर्टल पर सत्यापन मॉड्यूल भी अब पूरी तरह सक्रिय हो गया है और अब तक 4.66 करोड़ फॉर्म डिजिटल रूप से अपलोड किए जा चुके हैं।

आयोग ने स्पष्ट किया है कि 1 अगस्त को प्रकाशित होने वाली मसौदा मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए मतदाताओं को अपने गणना फॉर्म और पात्रता दस्तावेज समय पर जमा करने होंगे। यदि किसी को दस्तावेज जमा करने में अधिक समय की जरूरत हो, तो वह 30 अगस्त तक ऐसा कर सकता है। इस दौरान स्वयंसेवकों की मदद भी ली जा सकती है।

इस त्वरित और व्यापक अभियान के तहत आयोग की डिजिटल प्रणाली, फील्ड स्टाफ और स्वयंसेवकों की सामूहिक मेहनत ने मतदाता सूची अद्यतन के काम को एक नई गति दी है।

Popular Articles