Thursday, March 5, 2026

Top 5 This Week

Related Posts

ऑपरेशन कालनेमि: देहरादून में 25 फर्जी बाबाओं की गिरफ्तारी, एक बांग्लादेशी नागरिक भी पकड़ा गया

साधु वेश में घूम रहे फर्जी बाबाओं के खिलाफ चलाए गए ऑपरेशन कालनेमि के तहत देहरादून पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 25 लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक बांग्लादेशी नागरिक भी शामिल है, जिसे सहसपुर क्षेत्र से पकड़ा गया और विदेशी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।

एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर जिलेभर में फर्जी बाबाओं के खिलाफ अभियान चलाया गया। सभी थाना क्षेत्रों में सत्यापन और चेकिंग अभियान चलाए गए, जिनमें कई बाबा वेशधारी व्यक्ति बिना वैध दस्तावेजों के पाए गए। ये लोग भविष्य बताने, गृह कलेश दूर करने या तंत्र-मंत्र जैसी बातों से आमजन को भ्रमित कर रहे थे।

बिना दस्तावेजों के घूम रहे थे तथाकथित बाबा
इनमें से अधिकांश लोग अलग-अलग राज्यों से आए हुए हैं और बिना किसी पहचान पत्र के सार्वजनिक स्थानों पर डेरा डाले हुए थे। पकड़े गए 24 लोगों को शांतिभंग की आशंका में गिरफ्तार कर मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया गया, जहां से उन्हें चेतावनी देकर जमानत पर रिहा कर दिया गया।

बांग्लादेशी नागरिक से आईबी और एलआईयू कर रही पूछताछ
सहसपुर से पकड़ा गया व्यक्ति खुद को रुकन रकम उर्फ शाह आलम बता रहा है, जो कि बांग्लादेश का निवासी है। उसके पास कोई भारतीय दस्तावेज नहीं मिला। मामले की गंभीरता को देखते हुए उससे आईबी और एलआईयू की टीमों द्वारा पूछताछ की जा रही है।

एसएसपी ने स्पष्ट किया कि ऑपरेशन कालनेमि आगे भी सख्ती से जारी रहेगा और जिला पुलिस को निर्देश दिए गए हैं कि साधु वेश में घूमने वाले सभी व्यक्तियों का गहन सत्यापन किया जाए।

Popular Articles