प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को ब्राजील की राजधानी ब्रासीलिया पहुंचे, जहां उनका स्वागत भारतीय शास्त्रीय नृत्य और ‘शिव तांडव स्तोत्र’ की मनमोहक प्रस्तुति के साथ किया गया। अपने स्वागत को “यादगार” बताते हुए पीएम मोदी ने प्रवासी भारतीय समुदाय की जड़ों से जुड़े रहने की भावना की सराहना की।
प्रधानमंत्री मोदी अपनी आठ दिवसीय, पांच देशों की विदेश यात्रा के चौथे चरण में ब्राजील पहुंचे हैं। यहां वे ब्राजील के राष्ट्रपति लूला दा सिल्वा के साथ व्यापार, रक्षा, ऊर्जा, कृषि, तकनीक और स्वास्थ्य जैसे अहम मुद्दों पर द्विपक्षीय वार्ता करेंगे।
शिव तांडव से स्वागत, भारत माता की जय के नारे
ब्रासीलिया एयरपोर्ट पर ब्राजील के रक्षा मंत्री जोस मुसियो मोंटेरो फिल्हो ने प्रधानमंत्री का स्वागत किया। इसके बाद प्रधानमंत्री के होटल पहुंचने पर भारतीय समुदाय ने “भारत माता की जय” के नारों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से उनका अभिनंदन किया। इसी दौरान कुछ विदेशी कलाकारों ने शिव तांडव स्तोत्र की प्रस्तुति दी, जिसे पीएम मोदी ने सराहा और कलाकारों के साथ संवाद भी किया।
पीएम मोदी ने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर लिखा, “ब्रासीलिया में भारतीय समुदाय द्वारा किया गया स्वागत यादगार रहा। यह दर्शाता है कि हमारे प्रवासी अपनी जड़ों से कितनी गहराई से जुड़े हुए हैं।”
सांस्कृतिक मेल: ब्राजीलियाई बैंड ने बजाया सांबा-रेगे
प्रधानमंत्री के स्वागत में ब्राजील का लोकप्रिय बटाला मुंडो बैंड भी शामिल रहा, जिसने सांबा-रेगे की पारंपरिक धुनों के साथ आयोजन को विशेष बना दिया। पीएम मोदी ने बैंड के प्रदर्शन की प्रशंसा करते हुए लिखा कि यह अफ्रो-ब्राजीलियन संगीत परंपरा को वैश्विक मंच पर लाने का शानदार प्रयास है।
ब्रिक्स सम्मेलन के बाद द्विपक्षीय संवाद
पीएम मोदी इससे पहले रियो डी जेनेरियो में आयोजित 17वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में भाग लेकर ब्रासीलिया पहुंचे। उन्होंने ब्रिक्स की अध्यक्षता के लिए ब्राजील सरकार की प्रशंसा की और कहा कि सम्मेलन के दौरान पर्यावरण और स्वास्थ्य सुरक्षा जैसे मानवता से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता दी गई।
प्रधानमंत्री ने कहा, “भारत के लिए जलवायु न्याय कोई विकल्प नहीं, बल्कि नैतिक दायित्व है। पर्यावरण संरक्षण और वैश्विक स्वास्थ्य हमारे भविष्य के लिए बेहद जरूरी विषय हैं।”
आगे का कार्यक्रम
प्रधानमंत्री की यात्रा अब नामीबिया की ओर बढ़ेगी। इससे पहले वे घाना, त्रिनिदाद एंड टोबैगो और अर्जेंटीना का सफल दौरा कर चुके हैं। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि यह यात्रा भारत-ब्राजील संबंधों को नई ऊंचाइयों तक ले जाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।





