अरबपति निवेशक वॉरेन बफेट ने शुक्रवार को अब तक का सबसे बड़ा सालाना दान दिया। इसके तहत उन्होंने छह अरब डॉल ( लगभग 51,300 करोड़ रुपये) मूल्य के बर्कशायर हैथवे शेयर पांच चैरिटी संस्थाओं को दान किए। इनमें सबसे अधिक दान पाने वालों में बिल एंड मेलिंडा गेट्स फाउंडेशन और उनके परिवार के चलाए जाने वाले चार फाउंडेशन भी शामिल हैं। हालांकि,बफेट ने पहले ही साफ कर दिया है कि उनकी मौत के बाद गेट्स फाउंडेशन को दान समाप्त हो जाएगा। बफेट ने इस साल कुल 12.36 मिलियन क्लास बी बर्कशायर हैथवे शेयर दान किए। इससे 2006 से अब तक उनका कुल दान 60 अरब डॉलर (करीब 5.13 लाख करोड़ रुपये) के पार हो पहुंच गया है। इस साल उन्होंने गेट्स फाउंडेशन को 94.3 लाख शेयर, सुसान थॉम्पसन बफेट फाउंडेशन को 943,384 शेयर के साथ अपने तीन बच्चों हॉवर्ड, सूसी और पीटर की चलाई जा रही हॉवर्ड जी बफेट फाउंडेशन, शेरवुड फाउंडेशन और नोवो फाउंडेशन को 6,60,366 शेयर दान किए। इस दान के बाद भी बफेट के पास बर्कशायर हैथवे के 13.8 फीसदी शेयर बने हुए हैं। फोर्ब्स पत्रिका के मुताबिक, शुक्रवार के दान से पहले उनकी कुल संपत्ति 152 अरब डॉलर थी। इस संपत्ति के साथ वे दुनिया के पांचवें सबसे अमीर व्यक्ति थे, लेकिन दान के बाद वे अमीरों की सूची में छठे नंबर पर आ गए। यह दान बीते साल के 5.3 अरब डॉलर और नवंबर में पारिवारिक चैरिटी को किए गए 1.14 डॉलर बिलियन के दान के पार पहुंच गया।
बफेट ने फिर दोहराया कि वे बर्कशायर के शेयर कभी नहीं बेचेंगे। अब 94 साल के बफेट ने अपनी 2006 से अपनी संपत्ति दान करना शुरू कर दिया था। बीते साल ही उन्होंने अपनी वसीयत में बदलाव किया। इसके तहत उनकी मौत के बाद उनकी 99.5 फीसदी संपत्ति एक ट्रस्ट को दी जाएगी।