अमेरिका के लॉस एंजिलिस क्षेत्र में अधिकांश इलाके तीन दिनों से जारी भीषण आग में तबाह हो चुके हैं। लोगों पर संकट अब भी बरकरार है। उधर, अटलांटा प्रांत में भीषण बर्फीले तूफान ने टेक्सास और ओक्लाहोमा के अधिकांश हिस्सों में भारी बर्फ जमा दी है। सड़कों पर बर्फ जम गई है जिससे यातायात, उड़ानें, दफ्तर और स्कूल व संस्थानों में बंदी करनी पड़ी है। अटलांटा समेत कई राज्यों में आपातकाल की स्थिति घोषित की गई है। लॉस एंजिलिस में जब लोग परिवार के साथ मूल आश्रय स्थलों पर लौटे तो सारी संपत्ति तबाह हो चुकी थी। इनमें ब्रिजेट बर्ग, एंड्रयू मैकनेली, ग्रेग बेंटन और एना येजर जैसे लोग शामिल थे। लोगों ने देखा कि आग ने 145 वर्ग किमी क्षेत्र पूरी तरह नष्ट कर दिया है। शनिवार को मृतक संख्या 11 हो गई। दूसरी तरफ, अटलांटा प्रांत में आए शीतकालीन तूफान ने क्षेत्र में बर्फबारी बढ़ा दी। अर्कांसस, उत्तरी कैरोलिना में फंसे मोटर चालकों की मदद को राष्ट्रीय गार्ड भेजे गए हैं। अर्कांसस के कुछ हिस्सों में 31 सेंमी तक भी बारिश हुई। लिटिल रॉक में 10 इंच वर्षा हुई जहां औसतन 3.8 इंच का वार्षिक रिकॉर्ड रहा है। इन राज्यों में आपातकाल लागू कर दिया गया है। लॉस एंजिलिस क्षेत्र में आग लगने के बाद 12,000 से अधिक इमारतें, घर और संरचनाएं जल चुकी हैं। इस आग में नेतृत्व की विफलताओं और राजनीतिक दोषारोपण के आरोप भी शुरू हो गए हैं और जांच भी शुरू हो गई है। लॉस एंजिलिस फायर चीफ क्रिस्टिन क्रॉली ने कहा कि शहर के नेतृत्व ने अग्निशमन के लिए पर्याप्त धन उपलब्ध नहीं कराकर उनके विभाग को विफल कर दिया है। उन्होंने पानी की कमी की भी आलोचना की। उधर सरकार ने अब तक क्षति की लागत के आंकड़े जारी नहीं किए हैं। राष्ट्रीय मौसम सेवा ने कहा, शनिवार को जॉर्जिया, उत्तरी कैरोलिना, टेनेसी और पश्चिम वर्जीनिया के कुछ हिस्सों में 8 इंच (लगभग 20 सेंटीमीटर) बर्फबारी हुई। अटलांटा क्षेत्र में, रुके हुए ट्रकों के कारण कई फ्रीवे इंटरचेंज अस्थायी रूप से बंद हो गए या बाधित हो गए। जॉर्जिया में इस बार आपातकालीन कर्मचारी रुके हुए वाहनों को खींच रहे थे। अलबामा के उत्तरी हिस्से में हालात काफी असामान्य हैं।