ब्रिटिश सुरक्षा फर्म एंब्रे ने रविवार को दावा किया है कि अदन की खाड़ी में एक व्यापारिक जहाज पर मिसाइल से हमला हुआ है। हमले के चलते जहाज में आग लग गई। हमला यमन से हुआ और इसके पीछे हूती विद्रोहियों का हाथ होने की आशंका जताई जा रही है। ब्रिटेन के मेरीटाइम ट्रेड ऑपरेशंस (UKMTO) ने बताया कि जहाज के कप्तान ने उन्हें घटना के बारे में सूचित किया। जहाज पर यमन के नजदीक अदन की खाड़ी में दक्षिण पूर्व में 80 नॉटिकल मील की दूरी पर हमला हुआ। हूती विद्रोही बीते कई महीनों से लाल सागर, अदन की खाड़ी और अरब सागर में व्यापारिक जहाजों को निशाना बना रहे हैं। इस्राइल द्वारा गाजा में हमले के खिलाफ और फलस्तीनी लोगों के समर्थन में हूती विद्रोही इन हमलों को अंजाम दे रहे हैं। सुरक्षा फर्म एंब्रे का कहना है कि जहाज के अगले हिस्से पर मिसाइल का हमला हुआ, जिसके बाद जहाज में आग लग गई। हालांकि जहाज के क्रू ने ही आग पर काबू पा लिया। जहाज पर दो मिसाइलों से हमला किया गया, लेकिन दूसरी मिसाइल जहाज से नहीं टकराई। हमले में किसी के हताहत होने और बड़े नुकसान की खबर नहीं है।





