नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस नेता एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के भारत को आर्थिक आपदा की स्थिति में बताने वाले बयान पर पलटवार किया है। गुरुवार को नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में फेडरेशन ऑफ इंडियन चैंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (FICCI) के शताब्दी समारोह को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछले 12-13 वर्षों में देश के करीब 50 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए हैं। उन्होंने इसके समर्थन में विश्व बैंक की रिपोर्ट का हवाला दिया।
प्रधानमंत्री ने कहा कि आज भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्था है और इसकी विकास दर करीब सात प्रतिशत रहने का अनुमान है। उन्होंने बताया कि अक्टूबर में देश का वस्तु निर्यात लगभग 50 अरब डॉलर तक पहुंच गया, जो अब तक का सबसे अधिक मासिक निर्यात है।
मोदी ने कहा कि मूडीज, एसएंडपी, फिच, विश्व बैंक और एशियाई विकास बैंक जैसी अंतरराष्ट्रीय संस्थाएं भारत के विकास अनुमानों में लगातार सुधार कर रही हैं। उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में युवाओं, किसानों, श्रमिकों और उद्योग जगत के प्रयासों से देश की आर्थिक स्थिति में बड़ा बदलाव आया है।
कांग्रेस के गरीबी हटाओ नारे पर निशाना
प्रधानमंत्री ने कांग्रेस के पुराने ‘गरीबी हटाओ’ नारे का जिक्र करते हुए कहा कि 1970 के दशक में जब यह नारा दिया गया था, तब देश की आबादी लगभग 50 करोड़ थी। उस समय भी गरीबी समाप्त की जा सकती थी, लेकिन नीतियों में खामियों और सही नीयत की कमी के कारण ऐसा नहीं हो पाया।
उन्होंने कहा कि सही नीतियों और मजबूत इरादों के साथ काम करने से महज 12-13 वर्षों में 50 करोड़ गरीब लोगों को गरीबी से बाहर निकालने में सफलता मिली है।
राहुल गांधी ने उठाए थे आर्थिक मुद्दे
गौरतलब है कि राहुल गांधी ने अमेरिका की कोलंबिया यूनिवर्सिटी में अपने संबोधन के दौरान भारत को आर्थिक आपदा की ओर बढ़ता देश बताया था। उन्होंने बेरोजगारी, कमजोर विनिर्माण क्षेत्र और शिक्षा व्यवस्था की समस्याओं को लेकर चिंता जताई थी।
प्रधानमंत्री मोदी ने FICCI के मंच से उद्योग जगत को भी संबोधित किया। उन्होंने भारतीय कंपनियों से गुणवत्तापूर्ण उत्पाद बनाने, कर्मचारियों के वेतन में सुधार करने और रोजगार के नए अवसर पैदा करने का आह्वान किया। साथ ही, फार्मा और कृषि क्षेत्र में निवेश बढ़ाने पर जोर दिया।




