Tuesday, April 1, 2025

Top 5 This Week

Related Posts

35 साल से अमेरिका में रह रहे दंपति कोलंबिया निर्वासित

अमेरिका में डोनाल्ड ट्रंप सरकार अवैध अप्रवासियों पर सख्ती बरतते हुए उन्हें निर्वासित कर रही है। अब ट्रंप प्रशासन ने एक ऐसे दंपति को उनके मूल देश कोलंबिया निर्वासित कर दिया है, जो बीते 35 वर्षों से अमेरिका में रह रहे थे। दंपति के बच्चे अमेरिका में ही छूट गए हैं क्योंकि वे अमेरिकी नागरिक हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, दंपति अवैध तरीके से अमेरिका में रह रहे थे और उन्हें काफी कोशिशों के बाद भी अमेरिका की नागरिकता नहीं मिल सकी थी। बीती 21 फरवरी को दंपति एक रुटीन जांच के लिए यूएस इमीग्रेशन कस्टम्स एंड एनफोर्समेंट के दफ्तर पहुंचे थे। इसके बाद करीब तीन हफ्ते पहले उन्हें हिरासत में ले लिया गया और कुछ दिन हिरासत में रखने के बाद बीती 18 मार्च को उन्हें कोलंबिया निर्वासित कर दिया गया। दंपति की पहचान गलैडिस गोंजालेंज (55 वर्षीय) और नेलसन गोंजालेज (59 वर्षीय) के रूप में हुई है। दंपति को निर्वासित किए जाने के बाद उनके परिजन परेशान हैं। दंपति की तीन बेटियां हैं और तीनों अमेरिका की नागरिक हैं। एक बेटी स्टेफनी गोंजालेज ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि उसके माता-पिता बीते महीने सेंटा एना इलाके में स्थित इमीग्रेशन अदालत पहुंचे थे और वे ऐसा साल 2000 से कर रहे थे। दंपति की बेटियों का कहना है कि उनके माता-पिता कानून का पालन करने वाले लोग थे और उन्होंने कभी कानून नहीं तोड़ा था। करीब चार दशकों तक उन्होंने यहां अपना परिवार बनाया और अब अचानक से उनके निर्वासन से हम हैरान परेशान हैं। बेटी ने कहा कि उसके माता-पिता बेहद दयालु और निस्वार्थ लोग थे, जो अपने से पहले दूसरों का ध्यान रखते थे। गौरतलब है कि राष्ट्रपति ट्रंप के सत्ता पर काबिज होने के बाद से अमेरिका में रह रहे अवैध अप्रवासियों को निर्वासित किया जा रहा है। इसके तहत हजारों लोगों को अभी तक अमेरिका से निर्वासित किया जा चुका है।

Popular Articles