Top 5 This Week

Related Posts

28 निर्धन बेटियों के हाथ पीले करेगी पुनर्नवा महिला समिति, 2009 से निभा रही सामाजिक जिम्मेदारी

17 साल से जारी मुहिम, सामूहिक विवाह में शादी से लेकर गृहस्थी तक का इंतजाम कर जरूरतमंद परिवारों को दे रही राहत

हल्द्वानी। बेटी की शादी का सपना आर्थिक तंगी के बोझ तले दब न जाए, इसी सोच के साथ पुनर्नवा महिला समिति एक बार फिर 28 निर्धन कन्याओं का सामूहिक विवाह कराने जा रही है। समिति की यह पहल उन परिवारों के लिए सहारा बन रही है, जिनके लिए बेटी की शादी करना आर्थिक चुनौती से कम नहीं है।

वर्ष 2009 से लगातार सामूहिक विवाह का आयोजन कर रही समिति पिछले 17 वर्षों से जरूरतमंद परिवारों की बेटियों को सम्मान के साथ नए जीवन की शुरुआत कराने में जुटी है। इस अभियान के तहत अब तक सैकड़ों कन्याओं का विवाह कराया जा चुका है। समिति का उद्देश्य आर्थिक मजबूरी के चलते किसी बेटी की शादी में बाधा न आए और परिवारों को कर्ज व आर्थिक दबाव से बचाया जा सके।

सामूहिक विवाह समारोह में कन्याओं का वैदिक रीति-रिवाजों के साथ विवाह कराया जाएगा। समिति की ओर से दुल्हनों को शादी का जोड़ा, श्रृंगार सामग्री, गृहस्थी के जरूरी सामान और उपहार दिए जाएंगे। वहीं बरातियों व परिजनों के भोजन की व्यवस्था भी की जाएगी। विवाह के बाद बेटियों को सम्मानपूर्वक विदाई दी जाएगी, ताकि आर्थिक रूप से कमजोर परिवार भी अपनी खुशियों में किसी तरह की कमी महसूस न करें।

समिति पदाधिकारियों के मुताबिक इस पुनीत आयोजन को दानदाताओं, महिलाओं और स्वयंसेवकों के सहयोग से मूर्त रूप दिया जाता है। शहर के लोगों से भी 28 बेटियों के विवाह में सहयोग की अपील की गई है।

सामूहिक विवाह की यह पहल महज रस्म निभाने का आयोजन नहीं, बल्कि उन परिवारों के दर्द पर मरहम है, जहां बेटी की शादी की चिंता अक्सर आर्थिक मजबूरियों से बड़ी हो जाती है।

Popular Articles