Top 5 This Week

Related Posts

2036 ओलंपिक की मेजबानी के संकल्प के साथ रेखा आर्या ने उठाई कांवड़, हरिद्वार से ऋषिकेश तक 22 किमी यात्रा

हरिद्वार। भारत को वर्ष 2036 के ओलंपिक खेलों की मेजबानी दिलाने के संकल्प के साथ उत्तराखंड की खेल मंत्री रेखा आर्या ने सोमवार को हरिद्वार से कांवड़ यात्रा शुरू की। वह हर की पौड़ी से गंगाजल लेकर करीब 22 किलोमीटर पैदल चलकर ऋषिकेश स्थित वीरभद्र मंदिर पहुंचेंगी। वहां भगवान शिव का जलाभिषेक कर देश को ओलंपिक की मेजबानी मिलने और भारत को खेलों में विश्व शक्ति बनाने का संकल्प लिया जाएगा।

यात्रा में खिलाड़ियों, युवाओं, खेल प्रेमियों और आम नागरिकों के साथ संत समाज की भी भागीदारी है। रेखा आर्या ने इसे केवल धार्मिक यात्रा नहीं, बल्कि खेल चेतना और राष्ट्र निर्माण से जुड़ा अभियान बताया है। उनका कहना है कि देवभूमि उत्तराखंड से उठने वाला यह संकल्प देश के युवाओं में खेलों के प्रति नई ऊर्जा और उत्साह पैदा करेगा।

संत समाज का मिला आशीर्वाद

यात्रा से पहले रेखा आर्या ने हरिद्वार में संत समाज से मुलाकात कर आशीर्वाद लिया। पंच दशनाम जूना अखाड़ा के संरक्षक एवं अंतरराष्ट्रीय महामंत्री महंत हरि गिरि महाराज तथा अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष महंत रवींद्र पुरी महाराज यात्रा के अलग-अलग चरणों में शामिल होने वाले हैं।

खिलाड़ियों और युवाओं से जुड़ने की अपील

खेल मंत्री ने प्रदेश के खिलाड़ियों, युवाओं, खेल प्रेमियों और आम लोगों से यात्रा में शामिल होने की अपील की है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भारत को खेल महाशक्ति बनाने और 2036 ओलंपिक की मेजबानी दिलाने के संकल्प को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से यह आयोजन किया जा रहा है।

रेखा आर्या के अनुसार, धार्मिक आस्था के साथ खेल और राष्ट्र निर्माण का संदेश जुड़ने से यह यात्रा व्यापक जनभागीदारी का रूप ले सकती है। उन्होंने विश्वास जताया कि सामूहिक संकल्प और आशीर्वाद से भारत के 2036 ओलंपिक की मेजबानी के लक्ष्य को मजबूती मिलेगी।

Popular Articles