नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश की मतदाता सूची में अब नाम खोजना पहले के मुकाबले काफी आसान हो सकता है। झारखंड के 18 वर्षीय छात्र सार्थक सिद्धांत ने अपनी टीम के साथ मिलकर निर्वाचन आयोग की ओर से जारी उत्तर प्रदेश की 6.8 लाख पीडीएफ फाइलों को डिजिटल और सर्चेबल फॉर्मेट में बदलने का दावा किया है। इसके लिए ऑप्टिकल कैरेक्टर रिकग्निशन (ओसीआर) तकनीक का इस्तेमाल किया गया है।
सार्थक सिद्धांत ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इस परियोजना की जानकारी साझा की। उनके मुताबिक, इस प्रक्रिया में वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव की मतदाता सूची, विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) से संबंधित सूचियां और वर्ष 2027 की ड्राफ्ट मतदाता सूची को शामिल किया गया है। टीम ने करीब 6.8 लाख पीडीएफ फाइलों को प्रोसेस कर 54.8 करोड़ रिकॉर्ड तैयार किए हैं। इन आंकड़ों को उत्तर प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों के अनुसार व्यवस्थित किया गया है।
क्या है ओसीआर तकनीक और कैसे मिलेगा फायदा?
ओसीआर एक ऐसी तकनीक है, जो स्कैन किए गए दस्तावेजों और तस्वीरों में मौजूद टेक्स्ट को पहचानकर उसे डिजिटल रूप में बदल देती है। इससे कंप्यूटर पर दस्तावेजों में मौजूद नाम और अन्य जानकारियां आसानी से खोजी जा सकती हैं।
दरअसल, निर्वाचन आयोग ने अप्रैल में मतदाता सूचियां ऑनलाइन उपलब्ध कराई थीं, लेकिन इनमें से अधिकांश स्कैन की गई पीडीएफ फाइलें थीं। ऐसे में किसी मतदाता का नाम तलाशने, उसकी एंट्री की जांच करने या अलग-अलग वर्षों की सूचियों की तुलना करने के लिए लोगों को काफी समय लगाना पड़ता था।
सार्थक की इस पहल से मतदाता सूची के आंकड़ों का विश्लेषण और उनकी जांच करना आसान होने की उम्मीद है।
पहले भी CBSE की खामियों को लेकर आए थे चर्चा में
सार्थक सिद्धांत इससे पहले सीबीएसई की ऑन-स्क्रीन मार्किंग (ओएसएम) प्रणाली में कथित गड़बड़ियों को उजागर करने के बाद चर्चा में आए थे। उन्होंने अपनी उत्तर पुस्तिकाओं में अंकों की विसंगतियों के बाद इस प्रणाली की जांच की थी और अपनी रिपोर्ट संसदीय शिक्षा संबंधी स्थायी समिति के सामने भी रखी थी।
हालांकि, निर्वाचन आयोग ने फिलहाल सार्थक के इस दावे पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी है। उनकी इस पहल को सार्वजनिक सूचनाओं तक आम लोगों की पहुंच आसान बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास माना जा रहा है।




