Top 5 This Week

Related Posts

15 साल बाद अतिक्रमण से मुक्त हुई 1015 वर्गमीटर वनभूमि, हाईकोर्ट के आदेश पर वन विभाग की कार्रवाई

देहरादून। आरक्षित वनभूमि पर अतिक्रमण के खिलाफ देहरादून वन प्रभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए झाझरा रेंज के कंडोली-1 क्षेत्र में 1015 वर्गमीटर वनभूमि को अतिक्रमण से मुक्त करा लिया। करीब 15 वर्षों से इस भूमि पर अनधिकृत निर्माण किया गया था। न्यायालय के आदेशों के बाद वन विभाग की टीम ने मौके पर बुलडोजर चलाकर निर्माण ध्वस्त किया और जमीन को दोबारा अपने कब्जे में ले लिया।

वन विभाग के अनुसार, संबंधित आरक्षित वनभूमि पर वर्ष 2006-07 से अतिक्रमण किया गया था। मामले में विभाग की ओर से निर्माण हटाने के निर्देश पहले ही जारी किए जा चुके थे। सात अगस्त 2009 को निर्माण हटाने का आदेश पारित हुआ था, जिसके खिलाफ दाखिल अपील भी चार सितंबर 2009 को खारिज कर दी गई थी।

इसके बाद मामला नैनीताल हाईकोर्ट पहुंचा। न्यायालय ने 20 सितंबर 2017 को रिट याचिका खारिज कर दी। इसके बाद दाखिल विशेष अपील को भी हाईकोर्ट ने 9 जून 2025 को खारिज कर दिया। न्यायालय के आदेशों के अनुपालन में वन विभाग ने अब मौके पर कार्रवाई करते हुए अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया।

कार्रवाई के दौरान राजस्व विभाग के प्रतिनिधि भी मौके पर मौजूद रहे। अतिक्रमण हटाए जाने के बाद वन विभाग ने भूमि पर अपना कब्जा पुनः स्थापित कर लिया है।

डीएफओ वैभव कुमार सिंह ने कहा कि आरक्षित वनभूमि पर किसी भी तरह का अतिक्रमण या अवैध निर्माण स्वीकार नहीं किया जाएगा। वनभूमि की सुरक्षा और वन सीमाओं के संरक्षण के लिए विभाग आगे भी नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई जारी रखेगा।

Popular Articles