Top 5 This Week

Related Posts

15 महीने बाद राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग को मिला नया अध्यक्ष, हरजीत सिंह ग्रेवाल ने संभाला कार्यभार

नई दिल्ली। करीब 15 महीने से खाली पड़े राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग (एनसीएम) के अध्यक्ष पद पर केंद्र सरकार ने वरिष्ठ भाजपा नेता हरजीत सिंह ग्रेवाल की नियुक्ति की है। ग्रेवाल ने मंगलवार को आयोग के अध्यक्ष के रूप में कार्यभार संभाल लिया। इससे पहले पूर्व अध्यक्ष इकबाल सिंह लालपुरा का कार्यकाल अप्रैल 2025 में समाप्त हो गया था, जिसके बाद यह पद रिक्त था।

हरजीत सिंह ग्रेवाल भाजपा के वरिष्ठ नेता हैं और पंजाब में पार्टी के प्रमुख सिख चेहरों में उनकी पहचान रही है। वे लंबे समय से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) और भाजपा से जुड़े रहे हैं तथा संगठन में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभा चुके हैं। किसानों के आंदोलन के दौरान भी उन्होंने पार्टी का पक्ष प्रमुखता से रखा था।

अल्पसंख्यक मामलों के मंत्रालय की अधिसूचना के अनुसार, ग्रेवाल की नियुक्ति राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग अधिनियम, 1992 के प्रावधानों के तहत की गई है। उनके साथ एस. मुनावरी बेगम को आयोग का उपाध्यक्ष तथा ग्लेन . सूजा टिक्लो को सदस्य नामित किया गया है। इन नियुक्तियों के साथ आयोग के नेतृत्व को फिर से पूर्ण रूप से सक्रिय करने की दिशा में कदम उठाया गया है।

राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग एक वैधानिक संस्था है, जिसका गठन देश के अधिसूचित अल्पसंख्यक समुदायों के अधिकारों की रक्षा, शिकायतों की सुनवाई और सरकार को नीतिगत सुझाव देने के उद्देश्य से किया गया है। आयोग अल्पसंख्यकों से जुड़े संवैधानिक और कानूनी प्रावधानों के क्रियान्वयन की निगरानी भी करता है।

ग्रेवाल की नियुक्ति को ऐसे समय में महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जब आयोग का शीर्ष पद लंबे समय से रिक्त था। सरकार का मानना है कि नए नेतृत्व के साथ आयोग अल्पसंख्यक समुदायों से जुड़े मामलों के प्रभावी समाधान और उनके कल्याण से संबंधित योजनाओं की निगरानी में अधिक सक्रिय भूमिका निभा सकेगा।

Popular Articles