Top 5 This Week

Related Posts

रोडवेज बस अड्डे के पास देर रात हवाई फायरिंग से दहशत, लाइसेंसी पिस्टल समेत तीन युवक गिरफ्तार

हल्द्वानी। शहर के रोडवेज बस अड्डे के समीप देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक ने मामूली कहासुनी के बाद लाइसेंसी पिस्टल से हवाई फायरिंग कर दी। गोली चलने की आवाज सुनते ही आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई और मौके पर भगदड़ जैसे हालात बन गए। सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और कुछ ही देर में तीनों युवकों को कार समेत दबोच लिया।
रविवार देर रात करीब एक बजे केमू स्टेशन रोड पर मनोज आर्या, सचिन कुमार और कमल आर्या निवासी जवाहर ज्योति, दमुवाढूंगा अपनी कार में खड़े थे। इसी दौरान वहां मौजूद एक व्यक्ति द्वारा वीडियो बनाए जाने पर सचिन कुमार ने गुस्से में अपनी लाइसेंसी पिस्टल निकालकर हवाई फायर कर दिया। घटना से बस अड्डे और आसपास के इलाके में दहशत का माहौल बन गया।

प्रत्यक्षदर्शी शीशपाल सिंह यादव की सूचना पर कोतवाली पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। आरोपी वहां से कार लेकर फरार हो चुके थे, लेकिन पुलिस ने नैनीताल रोड पर घेराबंदी कर तीनों युवकों को हिरासत में ले लिया। जांच के दौरान तीनों शराब के नशे में पाए गए। कार के डैशबोर्ड से लाइसेंसी पिस्टल और दो जिंदा कारतूस भी बरामद हुए। जांच में इसी पिस्टल से फायरिंग किए जाने की पुष्टि हुई।

एसआई संजीत राठौड़ की तहरीर पर तीनों आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट, सरकारी कार्य में बाधा डालने तथा ड्रंक एंड ड्राइव सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, तीनों युवक एक दोपहिया वाहन कंपनी में कार्यरत हैं।

एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि भीड़भाड़ वाले क्षेत्र में हवाई फायरिंग की सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Popular Articles