Top 5 This Week

Related Posts

राहुल गांधी के खिलाफ विशेषाधिकार हनन प्रस्ताव, अनुराग ठाकुर ने लगाए निराधार आरोप लगाने के आरोप

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद अनुराग ठाकुर ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ विशेषाधिकार हनन और सदन की अवमानना का प्रस्ताव पेश किया है। आरोप है कि राहुल गांधी ने सदन में अपने संबोधन के दौरान संसदीय मर्यादा के विपरीत भाषा का प्रयोग किया और बिना पर्याप्त आधार के गंभीर आरोप लगाए।

अनुराग ठाकुर ने अपने प्रस्ताव में कहा कि राहुल गांधी ने लोकसभा की कार्यवाही के दौरान कुछ ऐसे शब्दों का इस्तेमाल किया जो संसदीय परंपराओं के अनुरूप नहीं हैं। उनका आरोप है कि इन टिप्पणियों से न केवल सदन की गरिमा प्रभावित हुई, बल्कि नागरिकों और राजनीतिक विरोधियों के प्रति भी अपमानजनक भाषा का प्रयोग किया गया। उन्होंने यह भी कहा कि राहुल गांधी ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए, जिनका कोई तथ्यात्मक आधार प्रस्तुत नहीं किया गया।

भाजपा सांसद ने लोकसभा अध्यक्ष से मांग की है कि मामले को विशेषाधिकार समिति के पास भेजकर जांच कराई जाए। साथ ही उन्होंने राहुल गांधी से सदन और गृह मंत्री अमित शाह से बिना शर्त माफी मांगने की भी मांग की है।

विवाद की शुरुआत लोकसभा में राहुल गांधी के उस भाषण के बाद हुई, जिसमें उन्होंने छात्र आंदोलनों और अन्य मुद्दों का उल्लेख करते हुए कुछ तीखी टिप्पणियां की थीं। इन टिप्पणियों पर सत्ता पक्ष ने कड़ी आपत्ति जताई थी और संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने आपत्तिजनक शब्दों को कार्यवाही से हटाने की मांग की थी।

इस घटनाक्रम के बाद संसद के भीतर सियासी माहौल और अधिक गर्म हो गया है। भाजपा ने इसे संसदीय मर्यादा का उल्लंघन बताया है, जबकि कांग्रेस की ओर से इस मामले पर विस्तृत प्रतिक्रिया का इंतजार है। अब इस प्रस्ताव पर आगे की कार्रवाई लोकसभा अध्यक्ष के निर्णय पर निर्भर करेगी।

Popular Articles