नई दिल्ली। राजस्थान के नगर निकाय चुनावों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बेहतर प्रदर्शन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रदेश की जनता का आभार जताया है। उन्होंने चुनाव परिणाम को भाजपा की विकास और सुशासन की नीतियों पर जनता के भरोसे का प्रमाण बताया।
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा कि राजस्थान की जनता ने निकाय चुनाव में भाजपा को शानदार जीत दिलाई है। उन्होंने इस जनादेश को ‘झूठ की गूंज पर सच्चाई की जीत’ का प्रमाण बताया। प्रधानमंत्री ने कहा कि परिणामों से स्पष्ट है कि ‘डबल इंजन सरकार’ की सुशासन और विकास की नीतियों को जनता का समर्थन मिल रहा है। उन्होंने विजयी प्रत्याशियों और पार्टी के मेहनती कार्यकर्ताओं को भी बधाई दी।
राजस्थान के 309 शहरी निकायों के चुनाव में भाजपा सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी। उपलब्ध परिणामों के अनुसार भाजपा ने कांग्रेस से अधिक वार्डों में जीत दर्ज की और राज्य के 10 नगर निगमों में से चार में स्पष्ट बहुमत हासिल किया।
भाजपा ने चुनाव परिणाम को राज्य सरकार के कामकाज और संगठन की मजबूती पर जनता की मुहर बताया। पार्टी प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि चुनाव परिणाम कांग्रेस के कथित दुष्प्रचार के खिलाफ जनता के फैसले को दर्शाते हैं। उन्होंने जयपुर, जोधपुर और कोटा के परिणामों का उल्लेख करते हुए भाजपा के प्रदर्शन को महत्वपूर्ण बताया।
वहीं, राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भी परिणामों को सरकार के अब तक के कार्यकाल पर जनता के भरोसे के रूप में बताया। निकाय चुनाव के नतीजों से प्रदेश की राजनीतिक तस्वीर में भाजपा की स्थिति मजबूत होती दिखाई दे रही है।





