Saturday, February 14, 2026

Top 5 This Week

Related Posts

यूके न्यूज बनकर ठगी का रावण: बनभूलपुरा की युवती से डेढ़ लाख की धोखाधड़ी, डॉक्टर खान के नाम पर फंसाया जाल

हल्द्वानी। साइबर ठगों का जाल एक बार फिर सक्रिय हुआ है। इस बार ठग ने विदेश से भेजे गए गिफ्ट और महंगे सामान का लालच दिखाकर बनभूलपुरा की एक युवती से डेढ़ लाख रुपये हड़प लिए। धोखे का अहसास होने पर पीड़िता ने पुलिस को शिकायत दी, जिस पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
मामला बनभूलपुरा क्षेत्र के गौजाजाली, चौधरी कॉलोनी रोड निवासी जानकी ठाकुर से जुड़ा है। पुलिस को दी तहरीर में जानकी ने बताया कि 20 अगस्त की रात करीब पौने नौ बजे उसके मोबाइल पर व्हाट्सएप कॉल आई। कॉल करने वाले युवक ने खुद को “डॉ. खान” बताया और कहा कि वह यूके (ब्रिटेन) से बात कर रहा है। युवक के मीठे व्यवहार और परिचय ने जानकी का विश्वास जीत लिया। दोनों के बीच लगातार बातचीत होने लगी।
कुछ दिनों बाद युवक ने उसे बताया कि वह उसके लिए गिफ्ट और अन्य सामान भेज रहा है। 26 अगस्त की सुबह उसने फोन कर जानकारी दी कि पार्सल मुंबई के छत्रपति शिवाजी एयरपोर्ट पर पहुंच चुका है। उसी दिन एक दूसरे नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को डीएचएल कंपनी का कर्मचारी बताकर कहा कि पार्सल छुड़ाने के लिए साढ़े चार लाख रुपये शुल्क जमा कराने होंगे।
लालच और भ्रम में फंसी जानकी ने पहले यूपीआई के जरिये 10 हजार रुपये भेजे। इसके बाद लगातार छोटी-छोटी रकम भेजती रही। इस तरह कुल डेढ़ लाख रुपये उसके खाते से ठगों के पास चले गए। ठग यहीं नहीं रुके, उन्होंने और तीन लाख रुपये की मांग कर डाली। लेकिन तब तक जानकी का खाता खाली हो चुका था और उसे ठगी का अहसास हो गया।
युवती ने तत्काल साइबर क्राइम सेल हल्द्वानी और ऑनलाइन पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। जांच के बाद बनभूलपुरा थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ साइबर ठगी का केस दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
पुलिस ने लोगों को आगाह किया है कि इस तरह के कॉल और मैसेज के झांसे में न आएं। किसी भी अनजान नंबर से मिले गिफ्ट या पैकेज के नाम पर मांगी जा रही रकम को बिना जांच-परख के न भेजें।

Popular Articles