Top 5 This Week

Related Posts

मोबाइल यूजर्स को फिर झटका, अगले 4-5 महीनों में 15% तक महंगे हो सकते हैं रिचार्ज प्लान

नई दिल्ली। मोबाइल रिचार्ज कराने वाले ग्राहकों पर आने वाले महीनों में एक बार फिर महंगाई का बोझ बढ़ सकता है। एक रिसर्च रिपोर्ट के अनुसार, देश की प्रमुख टेलीकॉम कंपनियां अगले चार से पांच महीनों में मोबाइल टैरिफ में 12 से 15 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी कर सकती हैं। हालांकि, अभी कंपनियों की ओर से कीमतें बढ़ाने की कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।

सेंट्रम इंस्टीट्यूशनल रिसर्च की रिपोर्ट के मुताबिक, टेलीकॉम सेक्टर में कंपनियों की संख्या सीमित होने से कीमतें बढ़ाने के लिए बाजार का माहौल अधिक अनुकूल हुआ है। रिपोर्ट में कहा गया है कि मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए आने वाले महीनों में टैरिफ में एक और बढ़ोतरी की संभावना है।

Jio, Airtel और Vi के ग्राहक होंगे प्रभावित

संभावित बढ़ोतरी का असर देश के करोड़ों मोबाइल यूजर्स पर पड़ सकता है। रिपोर्ट के अनुसार, जुलाई-सितंबर 2026 की तिमाही में रिलायंस जियो करीब 80 लाख, भारती एयरटेल करीब 30 लाख और वोडाफोन आइडिया करीब 10 लाख ग्राहक जोड़ सकती हैं।

रिपोर्ट में यह भी अनुमान लगाया गया है कि इस अवधि में तीनों कंपनियों के औसत राजस्व प्रति ग्राहक (ARPU) में 0.8 से 2 प्रतिशत तक की तिमाही-दर-तिमाही वृद्धि हो सकती है। इसके पीछे 2G से 4G और 5G की ओर ग्राहकों का बढ़ना, पोस्टपेड कनेक्शन में वृद्धि और तिमाही में अधिक दिनों को प्रमुख कारण माना गया है।

5G विस्तार पर कंपनियों का जोर

रिलायंस जियो और भारती एयरटेल ने 5G सेवाओं के साथ देश के 95 प्रतिशत से अधिक जिलों को कवर कर लिया है। वहीं, वोडाफोन आइडिया का 5G नेटवर्क करीब 200 शहरों में पहुंच चुका है और कंपनी कवरेज का विस्तार कर रही है।

अगर रिपोर्ट का अनुमान सही साबित होता है तो अगले चार-पांच महीनों में मोबाइल यूजर्स को अपने मौजूदा प्लान के मुकाबले अधिक भुगतान करना पड़ सकता है। हालांकि, वास्तविक बढ़ोतरी कितनी होगी और किस तारीख से लागू होगी, इसका फैसला टेलीकॉम कंपनियों की ओर से किया जाना बाकी है।

Popular Articles