Top 5 This Week

Related Posts

मोदी बने भारत के सबसे बड़े ‘ब्रांड एंबेसडर’, दुनिया में बदली देश की पहचान : शेखावत

नई दिल्ली। केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा है कि पिछले एक दशक में विश्व मंच पर भारत की पहचान और छवि में बड़ा बदलाव आया है। उन्होंने दावा किया कि आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के सबसे बड़े “ब्रांड एंबेसडर” बनकर उभरे हैं और दुनिया के विभिन्न देशों में भारत को नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

एक साक्षात्कार में शेखावत ने कहा कि 10-15 वर्ष पहले तक विदेशों में भारत का नाम आते ही लोगों के मन में महात्मा गांधी की छवि उभरती थी। उन्होंने कहा कि उस समय भारतीय मूल के लोग भी कई बार स्वयं को पहले एशियाई बताते थे और बाद में भारतीय होने की बात करते थे। लेकिन अब स्थिति बदल चुकी है और दुनिया के अधिकांश देशों में भारत का उल्लेख होते ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नाम सामने आता है।

शेखावत के अनुसार, भारत की सांस्कृतिक विरासत, त्योहार, खानपान और परंपराएं देश की वास्तविक पहचान हैं, लेकिन किसी राष्ट्र के नेतृत्व की वैश्विक छवि भी उस देश के प्रति दुनिया के नजरिए को प्रभावित करती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत की अंतरराष्ट्रीय प्रतिष्ठा मजबूत हुई है, जिससे पर्यटन और निवेश के क्षेत्र में भी सकारात्मक प्रभाव देखने को मिला है।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि आज यदि कोई व्यक्ति दुनिया के किसी भी हिस्से में स्वयं को भारतीय बताता है तो उसके प्रति सम्मान और सकारात्मक प्रतिक्रिया देखने को मिलती है। उन्होंने इसे भारत की बढ़ती वैश्विक स्वीकार्यता और बदलती छवि का संकेत बताया।

पर्यटन क्षेत्र का उल्लेख करते हुए शेखावत ने कहा कि देश में विकसित हो रहे विश्वस्तरीय बुनियादी ढांचे और बढ़ती आर्थिक ताकत का सबसे बड़ा लाभ पर्यटन उद्योग को मिलने वाला है। उन्होंने विश्वास जताया कि वर्ष 2047 तक भारत में विदेशी पर्यटकों की संख्या में कई गुना वृद्धि होगी और देश वैश्विक पर्यटन के प्रमुख केंद्रों में शामिल होगा।

हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि भारत की संस्कृति ही उसकी स्थायी पहचान और सबसे बड़ी शक्ति है। संस्कृति, विरासत और परंपराएं ही देश को विश्व स्तर पर विशिष्ट बनाती हैं, जबकि नेतृत्व की सकारात्मक छवि उस पहचान को और मजबूत करने का काम करती है।

Popular Articles