नई दिल्ली। भारत-जापान वार्षिक शिखर सम्मेलन के दौरान एक आत्मीय और सांस्कृतिक पल देखने को मिला, जब जापान की प्रधानमंत्री सानाए ताकाइची ने भारतीय शास्त्रीय वाद्य यंत्र संतूर बजाने का प्रयास किया। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तालियां बजाकर उनका उत्साहवर्धन किया। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
प्रधानमंत्री मोदी द्वारा साझा किए गए वीडियो में सानाए ताकाइची भारतीय संस्कृति में रुचि दिखाते हुए संतूर के तारों को छेड़ती नजर आती हैं। उनके इस प्रयास पर वहां मौजूद लोगों ने तालियों से उनका स्वागत किया, जबकि प्रधानमंत्री मोदी भी मुस्कुराते हुए उनकी हौसलाअफजाई करते दिखाई दिए।
दरअसल, जापानी प्रधानमंत्री तीन दिवसीय भारत दौरे पर आई हैं। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के साथ द्विपक्षीय वार्ता की, जिसमें कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), रक्षा, ऊर्जा, सेमीकंडक्टर, निवेश और आर्थिक सुरक्षा सहित कई महत्वपूर्ण क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर सहमति बनी। दोनों देशों ने रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने के लिए कई समझौतों पर भी हस्ताक्षर किए।
सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान संतूर बजाने का यह क्षण भारत और जापान के बीच मजबूत होते सांस्कृतिक संबंधों का भी प्रतीक माना जा रहा है। भारतीय परंपरा और कला के प्रति जापानी प्रधानमंत्री की रुचि ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों का ध्यान आकर्षित किया।
गौरतलब है कि अपनी भारत यात्रा के दौरान सानाए ताकाइची ने राष्ट्रपति भवन में औपचारिक स्वागत समारोह में भी हिस्सा लिया और विभिन्न द्विपक्षीय कार्यक्रमों में भाग लिया। दोनों देशों ने हिंद-प्रशांत क्षेत्र में शांति, स्थिरता और आर्थिक सहयोग को आगे बढ़ाने की साझा प्रतिबद्धता भी दोहराई।





