नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने संगठन की डिजिटल पहुंच को और प्रभावी बनाने की दिशा में मंथन शुरू किया है। इसी क्रम में भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने रविवार को पार्टी मुख्यालय में आयोजित राष्ट्रीय सोशल मीडिया कार्यशाला की अध्यक्षता की। कार्यशाला में देशभर से आए सोशल मीडिया पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया।
बैठक के दौरान पार्टी के इंटरनेट मीडिया प्रबंधन से जुड़े पदाधिकारियों के साथ डिजिटल माध्यमों के बेहतर इस्तेमाल और संगठनात्मक गतिविधियों को प्रभावी तरीके से लोगों तक पहुंचाने पर चर्चा हुई। नितिन नवीन ने कार्यशाला में प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए संगठन की डिजिटल गतिविधियों को और मजबूत करने पर जोर दिया।
नवीन ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर भी कार्यशाला से जुड़ी जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि भाजपा मुख्यालय में राष्ट्रीय सोशल मीडिया कार्यशाला का उद्घाटन किया और देशभर से आए सोशल मीडिया पदाधिकारियों के साथ संवाद किया। इस दौरान संगठन के डिजिटल प्रयासों को अधिक प्रभावी बनाने और भविष्य की रणनीतियों पर विस्तार से चर्चा हुई।
कार्यशाला में भाजपा सोशल मीडिया यूनिट के नवनियुक्त राष्ट्रीय संयोजक दीपक म्हास्के और पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव स्मृति ईरानी भी मौजूद रहीं। बैठक में संगठन की विभिन्न गतिविधियों के साथ भविष्य की कार्य योजनाओं पर भी विचार-विमर्श किया गया।
भाजपा की ओर से डिजिटल माध्यमों पर संगठनात्मक गतिविधियों और सूचनाओं को प्रभावी ढंग से पहुंचाने पर लगातार जोर दिया जा रहा है। इस कार्यशाला को इसी दिशा में संगठन की डिजिटल रणनीति को आगे बढ़ाने की कवायद के तौर पर देखा जा रहा है।





