ब्राजील की शीर्ष अदालत दिग्गज कारोबारी एलन मस्क पर सख्त हो गई है। दरअसल, कोर्ट ने सोशल मीडिया मंंच एक्स के लिए एक कानूनी प्रतिनिधि नियुक्त करने को कहा है। साथ ही ऐसा न करने पर देशभर में एक्स को बैन करने की धमकी दी है। सुप्रीम कोर्ट ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक पोस्ट साझा कर कहा, ‘शीर्ष अदालत के जज एलेक्जेंड्रे डी मोरेस ने बुधवार रात को मस्क और उनके सोशल मीडिया मंच एक्स को एक समन जारी किया है। उन्हें 24 घंटे के भीतर ब्राजील में कंपनी के नए कानूनी प्रतिनिधि को नियुक्त करने कहा है।’ अदालत ने चेतावनी दी कि आदेश का पालन नहीं करने पर ब्राजील में सोशल नेटवर्क के संचालन को प्रतिबंधित कर दिया जाएगा।
गौरतलब है, मस्क के खिलाफ न्याय में बाधा डालने, आपराधिक संगठन और अपराध के लिए उकसाने के आरोपों को लेकर जांच चल रही है। इस साल की शुरुआत में जज एलेक्जेंड्रे डी मोरेस ने एक्स के कुछ अकाउंट को गलत सूचना और नफरत भरे संदेश फैलाने के आरोप में ब्लॉक करने का आदेश दिया था। इसमें ब्राजील के पूर्व राष्ट्रपति जायर बोल्सनारो के समर्थकों से संबंधित कुछ खाते भी शामिल थे।
हालांकि, एलन मस्क की कंपनी एक्स ने हाल ही में ब्राजील में अपना संचालन तुरंत बंद करने की घोषणा की थी। कंपनी का कहना था कि यह कदम उसके कर्मचारियों की सुरक्षा के लिए उठाया गया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ने आरोप लगाया था कि एक ब्राजीलियाई जज ने उसके एक कानूनी प्रतिनिधि को मंच से कुछ सामग्री हटाने के कानूनी आदेशों का पालन नहीं करने पर जेल भेजने की धमकी दी थी। हालांकि, कंपनी ने यह भी स्पष्ट किया है कि एक्स की सेवाएं देश में जारी रहेंगी।
एक्स ने एक बयान में कहा था, ‘कल रात, एलेक्जेंड्रे डी मोरेस ने धमकी दी कि अगर हम ब्राजील में हमारे कानूनी प्रतिनिधि को दिए गए सेंसरशिप आदेशों का पालन नहीं करते हैं, तो उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। हम उनके कृत्यों को उजागर करने के लिए यहां साझा कर रहे हैं।’





