नई दिल्ली। देशभर में 28 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित तीन दिवसीय बैंक हड़ताल फिलहाल स्थगित कर दी गई है। रविवार देर रात इंडियन बैंक्स एसोसिएशन (IBA) और यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) के बीच हुई बातचीत के बाद यह फैसला लिया गया। इससे महीने के अंत में बैंकिंग सेवाओं में संभावित व्यवधान की आशंका फिलहाल टल गई है।
UFBU ने बैठक के बाद जारी सर्कुलर में बताया कि सभी शनिवार को अवकाश घोषित करने की मांग पर IBA और UFBU की एक उच्चस्तरीय समिति गठित की जाएगी। समिति इस मुद्दे पर विभिन्न विकल्पों पर विचार करेगी और सभी संबंधित पक्षों तथा ग्राहकों के हितों को ध्यान में रखते हुए समाधान तलाशेगी।
PLI समेत अन्य मुद्दों पर भी होगी चर्चा
बैठक में बैंक अधिकारियों के लिए लागू परफॉर्मेंस लिंक्ड इंसेंटिव (PLI) योजना से जुड़े मुद्दे पर भी आगे बातचीत करने पर सहमति बनी। IBA की ओर से संबंधित चिंताओं को दूर करने के लिए सरकार के समक्ष आवश्यक बदलाव का प्रस्ताव रखने की बात कही गई है। इसके अलावा 8 मार्च 2024 के समझौते में दर्ज अन्य लंबित मुद्दों पर भी जल्द बातचीत कर समाधान निकालने पर सहमति बनी है।
बैंक यूनियनों की प्रमुख मांगों में पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू करना शामिल है। इसके तहत शनिवार और रविवार को साप्ताहिक अवकाश देने की मांग की जा रही है। इसके साथ ही यूनियनों ने पेंशन, भर्ती और अन्य सेवा संबंधी मुद्दे भी उठाए थे।
ग्राहकों को राहत
हड़ताल स्थगित होने के बाद 28 से 30 सितंबर के दौरान बैंकिंग सेवाएं निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जारी रहने की उम्मीद है। खासतौर पर 30 सितंबर को छमाही समापन होने के कारण हड़ताल से बैंकिंग कामकाज प्रभावित होने की आशंका थी। अब ग्राहकों को शाखाओं में नियमित बैंकिंग सेवाएं मिलने से राहत मिली है।
हालांकि, पांच दिवसीय बैंकिंग सप्ताह की मांग अभी लागू नहीं हुई है। इस मुद्दे पर गठित होने वाली उच्चस्तरीय समिति की चर्चा और उसके बाद की प्रक्रिया से आगे की स्थिति स्पष्ट होगी।




