नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित कनाडा दौरे की तारीखों को लेकर अभी अंतिम निर्णय नहीं हुआ है। विदेश मंत्रालय ने शुक्रवार को स्पष्ट किया कि दोनों देशों के बीच यात्रा की तारीखों पर चर्चा जारी है। दिसंबर में प्रस्तावित इस दौरे को लेकर पहले 11 और 12 दिसंबर की तारीखें सामने आई थीं, लेकिन विदेश मंत्रालय ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने नियमित प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि प्रधानमंत्री की कनाडा यात्रा का कार्यक्रम दोनों पक्षों के बीच विचाराधीन है। यह बयान ऐसे समय आया है, जब कनाडा में भारतीय उच्चायोग की ओर से यात्रा की तारीखों की जानकारी सामने आई थी।
मार्क कार्नी से हुई प्रधानमंत्री मोदी की बातचीत
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 13 अक्टूबर को कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी से फोन पर बातचीत की थी। दोनों नेताओं ने भारत-कनाडा संबंधों में हाल के दिनों में आई सकारात्मक प्रगति को आगे बढ़ाने पर सहमति जताई।
बातचीत में व्यापार, ऊर्जा, प्रौद्योगिकी, सुरक्षा और दोनों देशों के नागरिकों के बीच संपर्क बढ़ाने जैसे प्रमुख मुद्दों पर सहयोग मजबूत करने पर जोर दिया गया। दोनों नेताओं ने रणनीतिक साझेदारी के तहत ठोस परिणाम हासिल करने की प्रतिबद्धता भी दोहराई।
व्यापार समझौते को जल्द पूरा करने पर जोर
भारत और कनाडा के बीच व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौते (सीईपीए) को जल्द अंतिम रूप देने के लिए बातचीत जारी है। दोनों देशों का लक्ष्य वर्ष 2030 तक द्विपक्षीय व्यापार को दोगुना करना है।
कनाडा की विदेश मंत्री अनीता आनंद के भारत दौरे के दौरान भी दोनों देशों के संबंधों को मजबूत करने पर चर्चा हुई। ऊर्जा, शिक्षा, प्रौद्योगिकी, सुरक्षा और व्यापार जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाना दोनों देशों की प्राथमिकताओं में शामिल है।
प्रधानमंत्री मोदी का प्रस्तावित कनाडा दौरा द्विपक्षीय संबंधों और आर्थिक सहयोग के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। हालांकि, यात्रा की अंतिम तारीखों और कार्यक्रम को लेकर आधिकारिक घोषणा का इंतजार है।





