हल्द्वानी। शहर में नाबालिग किशोरी को बहला-फुसलाकर ले जाने के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर दोनों आरोपियों पर नाबालिग के साथ दुष्कर्म के आरोप में पोक्सो एक्ट समेत भारतीय न्याय संहिता की गंभीर धाराएं बढ़ा दी गई हैं। घटना में प्रयुक्त वाहन भी पुलिस ने बरामद कर सीज कर दिया है।
कोतवाली क्षेत्र निवासी एक महिला ने अपनी नाबालिग पुत्री के घर से लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी। तहरीर के आधार पर कोतवाली पुलिस
ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर विवेचना हीरा नगर चौकी प्रभारी संजीत राठौर को सौंपी गई।
निरीक्षक विजय सिंह मेहता के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर दो संदिग्धों की पहचान की।
जांच में हरिपुरनायक, कुसुमखेड़ा निवासी विक्रम सिंह और त्रिलोकपुर दानी, गौलापार निवासी सौरभ बिष्ट की भूमिका सामने आई। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार पूछताछ में सामने आया कि एक आरोपी नाबालिग को वाहन में बैठाकर अपने स्टूडियो ले गया, जबकि बाद में दूसरा आरोपी उसे सितारगंज क्षेत्र लेकर गया। दोनों के बयानों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मुकदमे में दुष्कर्म एवं पोक्सो एक्ट सहित अन्य गंभीर धाराओं की बढ़ोतरी की गई है।
पुलिस ने घटना में प्रयुक्त वाहन को भी बरामद कर विधिक प्रक्रिया के तहत सीज कर दिया है। दोनों आरोपियों को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
सफल कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक आरती, उपनिरीक्षक दीपक कार्की, हेड कांस्टेबल पूरन मेहरा, हेड कांस्टेबल इसरार नबी, हेड कांस्टेबल हंसी सावंत, कांस्टेबल दिनेश नगरकोटी, कांस्टेबल संतोष बिष्ट, कांस्टेबल राहुल राणा तथा महिला कांस्टेबल अनीता फुलेरिया शामिल रहे।





