हल्द्वानी। शहर में बढ़ते अतिक्रमण के खिलाफ नगर निगम ने सख्त रुख अपनाते हुए शुक्रवार को व्यापक अभियान चलाया। नगर निगम की टीम ने विभिन्न क्षेत्रों में फुटपाथ और सार्वजनिक स्थानों पर किए गए अवैध कब्जों को हटाया, जिससे अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया।
अभियान के दौरान निगम अधिकारियों ने फुटपाथों पर अतिक्रमण कर व्यापार कर रहे लोगों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 9 चालान काटे और कुल 10 हजार रुपये का जुर्माना वसूला। इसके अलावा फुटपाथ पर लगाए गए दो ठेलों को जब्त कर लिया गया।
नगर निगम की टीम ने वर्कशॉप लाइन क्षेत्र में नाली के ऊपर किए गए पक्के निर्माण को भी ध्वस्त किया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नालियों और सार्वजनिक मार्गों पर किसी भी तरह का अवैध निर्माण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, क्योंकि इससे जल निकासी व्यवस्था प्रभावित होने के साथ आम लोगों को भी परेशानी होती है।
अधिकारियों ने अभियान के दौरान फुटपाथों पर लगे ठेलों और अस्थायी कब्जों को हटाकर पैदल राहगीरों के लिए रास्ता साफ कराया। नगर निगम ने चेतावनी दी कि भविष्य में भी अतिक्रमण के खिलाफ इसी तरह लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।
इस अभियान में वरिष्ठ नगर स्वास्थ्य अधिकारी चंद्रशेखर टोलिया, नोडल अतिक्रमण अधिकारी गणेश भट्ट, आई.पी. पंत, अमोल असवाल, चतर सिंह सहित नगर निगम की टीम मौजूद रही।





