Top 5 This Week

Related Posts

दिवाली से पहले मिठाई के गोदामों पर छापा, कहीं गंदगी तो कहीं पुरानी मिठाइयां!

बिना लाइसेंस बन रहे थे बताशे, मिश्री और खाद्य खिलौने; प्रशासन ने काटे चालान

हल्द्वानी। त्योहार की मिठास में मिलावट और गंदगी का खेल रोकने के लिए प्रशासन मैदान में उतर आया है। दीपावली से पहले मिठाई बनाने वाले प्रतिष्ठानों और गोदामों पर छापेमारी में कहीं बिना लाइसेंस अस्वच्छ माहौल में खाद्य सामग्री तैयार होती मिली, तो कहीं पुरानी मिठाइयां और गंदगी सामने आई। प्रशासन ने दो प्रतिष्ठानों के खिलाफ चालानी कार्रवाई कर कारोबारियों को नियमों का पालन करने की चेतावनी दी है।

जिलाधिकारी के निर्देश पर एसडीएम मोनिका आर्य के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने अंबेडकर नगर और ऊंचापुल क्षेत्र में जांच अभियान चलाया। अंबेडकर नगर में प्रभात जायसवाल के गोदाम में बिना लाइसेंस बताशे, मिश्री और खाद्य खिलौने अस्वच्छ परिस्थितियों में बनाए जा रहे थे। खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।

वहीं, ऊंचापुल स्थित अजय स्वीट्स के गोदाम में पुरानी मिठाइयां मिलने और गंदगी पाए जाने पर चालान किया गया। अभियान के दौरान विभिन्न प्रतिष्ठानों से खाद्य पदार्थों के नमूने भी लिए गए।

97 नमूनों की मौके पर हुई जांच

खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार, फूड सेफ्टी लैब ऑन व्हील्स के जरिए 97 नमूनों की प्राथमिक जांच की गई। विभाग ने बताया कि जांच में नमूने खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप पाए गए।

एसडीएम ने स्पष्ट किया कि त्योहार के दौरान लोगों की सेहत से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं होगा। बिना लाइसेंस कारोबार करने और स्वच्छता के नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ छापेमारी जारी रहेगी। प्रशासन ने लोगों से भी मिठाई खरीदते समय उसकी गुणवत्ता और साफ-सफाई पर ध्यान देने की अपील की है।

Popular Articles