Friday, March 6, 2026

Top 5 This Week

Related Posts

दिल्ली पहुंचे जर्मन विदेश मंत्री वेडफुल, आज जयशंकर और गोयल से मुलाकात

नई दिल्ली।
भारत और जर्मनी के बीच कूटनीतिक और आर्थिक सहयोग को नई दिशा देने के उद्देश्य से जर्मनी के विदेश मंत्री वेडफुल सोमवार को दिल्ली पहुंचे। अपने इस दौरे में वे भारतीय विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर और वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल से मुलाकात करेंगे।

अधिकारिक सूत्रों के अनुसार, दोनों देशों के विदेश मंत्री के बीच होने वाली बैठक में द्विपक्षीय संबंधों, वैश्विक और क्षेत्रीय सुरक्षा परिदृश्य, व्यापारिक सहयोग और प्रौद्योगिकी हस्तांतरण जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा होगी। जलवायु परिवर्तन और हरित ऊर्जा साझेदारी भी वार्ता का अहम मुद्दा होगा।

वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल के साथ होने वाली बैठक में भारत-जर्मनी व्यापार को बढ़ावा देने, निवेश के नए अवसरों और तकनीकी सहयोग पर विशेष बल दिया जाएगा। माना जा रहा है कि इस दौरान मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) को लेकर भी बातचीत हो सकती है।

विदेश मंत्रालय के अधिकारियों ने बताया कि जर्मनी यूरोप में भारत का एक प्रमुख साझेदार है और दोनों देश हाल के वर्षों में रक्षा, शिक्षा, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी तथा अक्षय ऊर्जा के क्षेत्र में सहयोग को लगातार मजबूत कर रहे हैं।

विशेषज्ञों का मानना है कि यह दौरा भारत-जर्मनी रणनीतिक साझेदारी को नई गति देगा और भविष्य में दोनों देशों के बीच निवेश और तकनीकी सहयोग को और मजबूती मिलेगी।

Popular Articles