तीन महीने तक जिले से बाहर रहने का था आदेश, फिर भी हल्द्वानी में मिला वसीम उर्फ चिंगाड़ू; एनडीपीएस और गुंडा अधिनियम में कार्रवाई
हल्द्वानी। जिला बदर का आदेश भी नशा तस्करी के आरोपी को जिले की सीमा से दूर नहीं रख सका। पुलिस ने गौला बाईपास रोड स्थित गौला पार्किंग कट के पास दबिश देकर उसे 20 नशीले इंजेक्शनों के साथ गिरफ्तार किया। आरोपी को तीन महीने के लिए जिला बदर किया गया था, लेकिन वह हल्द्वानी में ही घूमता मिला। पुलिस ने अब उसके खिलाफ एनडीपीएस और गुंडा अधिनियम के तहत कार्रवाई की है।
बनभूलपुरा थाने में तैनात एस आई मनोज यादव टीम के साथ गश्त पर थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि जिला बदर किया गया वसीम उर्फ चिंगाड़ू गौला पार्किंग में सज्जाद की झोपड़ी के पास खड़ा है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उसे पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से प्रतिबंधित20 इंजेक्शन बरामद हुए। पूछताछ में उसने इंजेक्शन एक व्यक्ति से लेने की बात बताई। पुलिस अब इनके स्रोत और नशे के कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है।
तीन महीने जिला बदर, फिर भी जिले में दाखिल
पुलिस के मुताबिक, अपर जिलाधिकारी के आदेश पर 15 सितंबर को वसीम को तीन महीने के लिए जिला बदर किया गया था। इसके बावजूद वह जिले की सीमा में मिला। पुलिस ने जिला बदर आदेश के उल्लंघन को लेकर भी कार्रवाई शुरू कर दी है। आरोपी बनभूलपुरा क्षेत्र की गफूर बस्ती का निवासी है।





