जयपुर। NEET-PG 2026 परीक्षा के दौरान जयपुर के सीतापुरा स्थित iON डिजिटल जोन परीक्षा केंद्र पर बिजली कटौती और तकनीकी गड़बड़ी के चलते परीक्षा प्रभावित हो गई। स्थिति बिगड़ने के बाद राष्ट्रीय चिकित्सा विज्ञान परीक्षा बोर्ड (NBEMS) ने इस केंद्र के प्रभावित अभ्यर्थियों की परीक्षा स्थगित कर दी। अब इन अभ्यर्थियों के लिए दोबारा परीक्षा 5 सितंबर 2026 को दोपहर 3 बजे आयोजित की जाएगी।
जानकारी के अनुसार, परीक्षा रविवार सुबह 9 बजे शुरू होनी थी। अभ्यर्थियों का कहना है कि परीक्षा शुरू होने के बाद बिजली और सिस्टम में बार-बार समस्या आती रही। करीब दो घंटे के दौरान कई बार परीक्षा बाधित हुई। कुछ कंप्यूटर बंद हो गए और दोबारा शुरू होने के बाद स्क्रीन पर सीमित प्रश्न ही दिखाई देने की शिकायत सामने आई।
लगातार तकनीकी परेशानी से नाराज अभ्यर्थियों ने परीक्षा केंद्र पर हंगामा किया। अभ्यर्थियों ने आरोप लगाया कि परीक्षा जैसी महत्वपूर्ण प्रक्रिया के दौरान पर्याप्त वैकल्पिक व्यवस्था नहीं थी। उनका कहना था कि बार-बार सिस्टम बंद होने से उनका समय और परीक्षा का प्रदर्शन प्रभावित हुआ।
मामले की गंभीरता को देखते हुए परीक्षा रद्द कर प्रभावित अभ्यर्थियों के लिए पुनर्परीक्षा कराने का निर्णय लिया गया। NBEMS के अनुसार, दोबारा परीक्षा केवल प्रभावित अभ्यर्थियों के लिए होगी। नया परीक्षा केंद्र और संशोधित प्रवेश पत्र से संबंधित जानकारी बोर्ड की ओर से अलग से जारी की जाएगी।
इस वर्ष NEET-PG 2026 परीक्षा देशभर के 1,111 केंद्रों पर आयोजित की गई। कुल 2,73,096 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 2,65,980 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। अधिकांश अभ्यर्थियों की परीक्षा निर्धारित प्रक्रिया के तहत पूरी हुई, जबकि जयपुर के सीतापुरा स्थित दो केंद्रों पर बिजली और तकनीकी समस्या के कारण परीक्षा प्रभावित हुई।
परीक्षा संचालन में आई इस खामी के बाद व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं। NBEMS ने प्रभावित अभ्यर्थियों को हुई असुविधा पर खेद जताया है और निष्पक्ष परीक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुनर्परीक्षा का फैसला लिया है।





