Top 5 This Week

Related Posts

एस आई आर अभियान पर कांग्रेस का हमला, विधायक सुमित हृदयेश ने उठाए सवाल

प्रपत्रों की कालाबाज़ारी का आरोप, बोले—जनता की मजबूरी से कमाई करने वालों पर कसे शिकंजा

हल्द्वानी। निर्वाचन आयोग के विशेष गहन पुनरीक्षण (एस आई आर)अभियान को लेकर सियासत तेज हो गई है। हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश ने सोमवार को सिटी मजिस्ट्रेट से मुलाकात कर अभियान में आम लोगों को आ रही परेशानियों, दस्तावेजों को लेकर फैले भ्रम और तहसील परिसर में प्रपत्रों की कथित कालाबाज़ारी का मुद्दा जोरदार ढंग से उठाया। उन्होंने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर व्यवस्था दुरुस्त करने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

विधायक सुमित हृदयेश ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के दौरान नागरिकों के बीच आवश्यक दस्तावेज, पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और सत्यापन को लेकर भारी असमंजस बना हुआ है। इससे बड़ी संख्या में पात्र मतदाता परेशान हो रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी और जनहितकारी बनाने तथा हर स्तर पर स्पष्ट जानकारी उपलब्ध कराने की मांग की।

विधायक ने सिटी मजिस्ट्रेट ए पी बाजपेयी का ध्यान तहसील परिसर में प्रपत्रों की कथित कालाबाज़ारी की शिकायतों की ओर भी दिलाया। उन्होंने कहा कि कुछ लोग निर्धारित मूल्य से कई गुना अधिक कीमत वसूलकर आम जनता की मजबूरी का फायदा उठा रहे हैं। ऐसे तत्वों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करते हुए कड़ी निगरानी सुनिश्चित की जानी चाहिए।

इस दौरान सुमित हृदयेश ने कड़ा संदेश देते हुए कहा, “लोकतंत्र से जुड़े दस्तावेजों का दुरुपयोग या उनसे अनुचित लाभ कमाने की कोशिश किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जो लोग जनता की मजबूरी पर अपनी जेब भरने का प्रयास कर रहे हैं, वे अपनी जेब सिलकर रखें। प्रशासन ऐसे लोगों पर सख्त शिकंजा कसे।

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत मतदाता का अधिकार है और यह प्रशासन की जिम्मेदारी है कि प्रत्येक पात्र नागरिक बिना किसी बाधा के अपने मतदाता संबंधी कार्य पूरे कर सके। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जनता के अधिकारों और हितों से जुड़े हर मुद्दे को वह लगातार प्रशासन के समक्ष मजबूती से उठाते रहेंगे।

इस अवसर पर महानगर कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह बिष्ट, बीएलए-1 मयंक भट्ट, हेमंत बगड़वाल, एन.बी. गुणवंत, सुरेन्द्र सिंह बिष्ट, मलय बिष्ट, भागीरथी बिष्ट, नीमा भट्ट, धर्मवीर, गोविंदी लोबियाल, ज्ञान सिंह थापा, शकील सलमानी, मोहम्मद गुफरान, शैलेन्द्र दानू सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Popular Articles