नई दिल्ली। भारतीय वायु सेना (IAF) में महत्वपूर्ण नेतृत्व परिवर्तन के तहत एयर मार्शल इंदरपाल सिंह वालिया को वायु सेना का नया उप-प्रमुख (वाइस चीफ ऑफ द एयर स्टाफ) नियुक्त किया गया है। वह 1 नवंबर 2026 से अपना कार्यभार संभालेंगे। वर्तमान में वह ईस्टर्न एयर कमांड के एयर ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ के पद पर तैनात हैं।
एयर मार्शल वालिया, एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित का स्थान लेंगे। एयर मार्शल दीक्षित 31 अक्टूबर को भारतीय वायु सेना के 29वें प्रमुख के रूप में कार्यभार संभालेंगे।
करीब चार दशक का शानदार सैन्य करियर
एयर मार्शल इंदरपाल सिंह वालिया का सैन्य करियर करीब चार दशकों का रहा है। उन्होंने अपने कार्यकाल में कई महत्वपूर्ण कमांड और स्टाफ पदों पर जिम्मेदारियां निभाई हैं। वह एक फ्रंटलाइन फाइटर स्क्वाड्रन और टैक्टिक्स एंड एयर कॉम्बैट डेवलपमेंट एस्टेब्लिशमेंट (TACDE) की कमान संभाल चुके हैं। इसके अलावा वह बरेली स्थित एयर फोर्स स्टेशन के एयर ऑफिसर कमांडिंग भी रह चुके हैं।
उन्हें मिग-21, मिग-23, मिग-27, जगुआर और सुखोई-30 एमकेआई जैसे प्रमुख लड़ाकू विमानों के विभिन्न संस्करण उड़ाने का अनुभव है।
एनडीए से की सैन्य करियर की शुरुआत
एयर मार्शल वालिया नेशनल डिफेंस एकेडमी (NDA) के पूर्व छात्र हैं। उन्हें 11 जून 1988 को भारतीय वायु सेना की फाइटर स्ट्रीम में कमीशन मिला था। उन्होंने ब्रिटेन में एडवांस्ड कमांड एंड स्टाफ कोर्स और बांग्लादेश में नेशनल डिफेंस कोर्स भी पूरा किया है।
वह भारतीय वायु सेना के डायरेक्टोरेट ऑफ एयर स्टाफ इंस्पेक्शन (DASI) का नेतृत्व कर चुके हैं। इसके अलावा जापान और दक्षिण कोरिया स्थित भारतीय दूतावासों में रक्षा अताशे के रूप में भी सेवाएं दे चुके हैं।
रक्षा एवं रणनीतिक अध्ययन में उनके पास तीन स्नातकोत्तर डिग्रियां हैं। विशिष्ट सेवाओं के लिए उन्हें वर्ष 2008 में वायु सेना मेडल और 2018 में अति विशिष्ट सेवा मेडल से सम्मानित किया जा चुका है।
उनकी नियुक्ति को भारतीय वायु सेना में महत्वपूर्ण नेतृत्व परिवर्तन के रूप में देखा जा रहा है।





