प्रदेशभर में गुरुवार के लिए मौसम विभाग ने भारी से बहुत भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। पर्वतीय और मैदानी क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश के बीच यह चेतावनी ऐसे समय पर आई है जब उत्तरकाशी में हाल ही में बादल फटने से व्यापक तबाही हुई है।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, अगले 18 घंटों के दौरान बिजली चमकने और तेज गर्जना के साथ भारी बारिश के कई दौर हो सकते हैं। मौसम विज्ञानी रोहित थपलियाल ने बताया कि बीते 24 घंटे में कई स्थानों पर सामान्य से अधिक बारिश दर्ज की गई है। देहरादून के मालदेवता क्षेत्र में 222.2 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।
केदारनाथ यात्रा दो दिन के लिए स्थगित
भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए प्रशासन ने केदारनाथ और मद्महेश्वर यात्राएं दो दिन के लिए स्थगित कर दी हैं। बुधवार को भी केदारनाथ यात्रा रोकी गई थी। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है। प्रशासन ने सोनप्रयाग से केदारनाथ के बीच सभी पड़ावों पर तैनात अधिकारियों को सतर्क किया है और यात्रियों से सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।
उत्तरकाशी और पौड़ी में स्कूल बंद
भारी बारिश की चेतावनी के मद्देनजर उत्तरकाशी और पौड़ी जिलों में गुरुवार को सभी शैक्षणिक संस्थानों को बंद रखने के आदेश जारी किए गए हैं। जिलाधिकारियों ने संबंधित अधिकारियों को सुरक्षा की दृष्टि से सभी आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए हैं।
फूलों की घाटी में पर्यटकों की आवाजाही पर रोक
नंदा देवी राष्ट्रीय पार्क के अंतर्गत आने वाली विश्वप्रसिद्ध फूलों की घाटी में भी बुधवार को पर्यटकों की आवाजाही पर रोक लगाई गई। वन विभाग के उप निदेशक तरुण एस. ने बताया कि मंगलवार को करीब डेढ़ सौ पर्यटकों को गाइडों की मदद से सुरक्षित रेस्क्यू किया गया था। गुरुवार को घाटी को दोबारा खोलने का निर्णय मौसम और सुरक्षा के सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए लिया जाएगा।





