Top 5 This Week

Related Posts

उत्तराखंड एसटीएफ का फर्जी लाईसेंसधारकों पर कड़ा प्रहार,दो लोगों को भारी मात्रा में अवैध शस्त्रो व कारतूस सहित दबोचा, डीजीपी के निर्देश पर अवैध हथियारों के फर्जी लाइसेंस धारकों पर लगातार कार्रवाई हुई तेज

रुद्रपुर। उत्तराखंड एसटीएफ की फर्जी लाइसेंसधारकों के खिलाफ लगातार कार्रवाई तेज हो गई है। एसटीएफ ने देर रात्रि रुद्रपुर क्षेत्र से 2 लोगों को भारी मात्रा में अवैध शस्त्रों व कारतूस सहित गिरफ्तार किया है। एसटीएफ ने पिछले दिनों काशीपुर से भी बड़ी मात्रा में फर्जी शस्त्र लाइसेंस पकड़े थे।

एसएसपी एसटीएफ की मॉनिटरिंग में एसटीएफ की कई टीमें कार्रवाई को अंजाम दे रही हैं और अब एसटीएफ 3 अभियोग पंजीकृत कराकर संलिप्त 7 अभियुक्तों को अवैध शस्त्र व फर्जी कूटरचित लाइसेंस के साथ जेल भेज चुकी है। एसएसपी एसटीएफ के मुताबिक गिरफ्तार अभियुक्तों ने पूछताछ में सनसनीखेज खुलासे किए हैं। साक्ष्यों के आधार पर अन्य अवैध शस्त्र धारकों पर भी जल्द कार्रवाई की जाएगी।

एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह ने बताया कि डीजीपी दीपम सेठ के निर्देश पर एसटीएफ राज्य में बाहरी राज्यों से स्थानांतरित होकर आए शस्त्र लाइसेंसों की वैधता एवं सत्यता की जांच कर रही है। इसी क्रम में 4 मई 2026 को ऊधमसिंह नगर की काशीपुर कोतवाली में एफआईआर दर्ज कराई गई थी।

उन्होंने बताया कि उक्त मुकदमे की विवेचना के तहत 10 मई 2026 की रात्रि को उत्तराखंड एसटीएफ व ऊधमसिंह नगर पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाते हुए काशीपुर क्षेत्र से 4 अवैध हथियार व 237 कारतूस एक स्विफ्ट कार से बरामद किए थे। बरामद अवैध शस्त्र, कारतूस, कूटरचित लाइसेंस एवं वाहन मुकदमे में नामजद अभियुक्त सौरभ अग्रवाल, गौरव अग्रवाल पुत्र राकेश अग्रवाल निवासी रामनगर रोड, चामुंडा विहार, काशीपुर तथा दीप्ति अग्रवाल पत्नी सौरभ अग्रवाल निवासी काशीपुर के पाए गए।

एसएसपी ने बताया कि फरार अभियुक्त सौरभ अग्रवाल व अन्य की तलाश में एसटीएफ की विभिन्न टीमें लगातार दबिश दे रही थीं। इसी क्रम में 11 मई 2026 की देर रात्रि एसटीएफ ने रुद्रपुर रोडवेज के पास से काशीपुर में पंजीकृत अभियोग से संबंधित अभियुक्त सौरभ अग्रवाल पुत्र राकेश कुमार अग्रवाल तथा उसके चालक अमित पाल पुत्र प्रमोद पाल निवासी कटोराताल थाना काशीपुर को हिरासत में लिया।

तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 1 पम्प एक्शन बन्दूक ऑटोमैटिक 12 बोर, 1 पिस्टल ऑटोमैटिक 30 बोर, 1 पिस्टल ऑटोमैटिक 32 बोर, 8 कारतूस (विभिन्न बोर) तथा दो फर्जी शस्त्र लाइसेंस बरामद किए गए।

एसएसपी एसटीएफ ने बताया कि राज्य में फर्जी शस्त्र लाइसेंस मामले की जांच जारी है। इस संबंध में विभिन्न जनपदों में 3 अभियोग दर्ज कर संलिप्त 7 अभियुक्तों को जेल भेजा जा चुका है। अब तक 12 अवैध शस्त्र, 315 कारतूस तथा फर्जी लाइसेंस बरामद किए जा चुके हैं।

उन्होंने बताया कि टीम को रुद्रपुर क्षेत्र में दो व्यक्तियों के पास भारी मात्रा में अवैध हथियार होने की सूचना मिली थी, जिसके आधार पर कार्रवाई की गई। जांच में यह भी सामने आया कि काशीपुर में जिस स्विफ्ट कार से भारी मात्रा में अवैध शस्त्र बरामद हुए थे, उसे गिरफ्तार अभियुक्त अमित पाल ने सबूत मिटाने एवं साक्ष्य छिपाने की नियत से काशीपुर की एक पार्किंग में छिपाकर खड़ा किया था।

कार्रवाई करने वाली टीम में निरीक्षक विकास चौधरी, निरीक्षक अरुण कुमार, निरीक्षक एमपी सिंह, एसआई विपिन चन्द्र जोशी, एसआई केजी मठपाल, हेड कांस्टेबल रविन्द्र सिंह बिष्ट, हेड कांस्टेबल महेन्द्र गिरी, हेड कांस्टेबल सुरेन्द्र सावंत, हेड कांस्टेबल संजय कुमार, सोनू पांडे, किशन चन्द्र शर्मा (सर्विलांस) सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

Popular Articles