Top 5 This Week

Related Posts

ई20 पेट्रोल में गड़बड़ी मिलने पर होगी सख्त कानूनी कार्रवाई, केरल के सीएम सतीशन की चेतावनी

तिरुअनंतपुरम। केरल में ई20 पेट्रोल की गुणवत्ता को लेकर बढ़ती शिकायतों के बीच राज्य सरकार ने पेट्रोल पंपों पर जांच अभियान तेज कर दिया है। मुख्यमंत्री वी.डी. सतीशन ने गुरुवार को स्पष्ट किया कि पेट्रोल में निर्धारित मानकों से अधिक इथेनॉल या अन्य अनियमितता पाए जाने पर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

मुख्यमंत्री के अनुसार, नागरिक आपूर्ति विभाग ने शुरुआती चरण में राज्य के चार जिलों के नौ पेट्रोल पंपों से ईंधन के नमूने एकत्र किए हैं। इनमें तिरुअनंतपुरम, एर्नाकुलम, कोझिकोड और कन्नूर जिले शामिल हैं। इन नमूनों की जांच के जरिए पेट्रोल में इथेनॉल की मात्रा और उसकी समग्र गुणवत्ता का पता लगाया जाएगा।

10 दिनों में आएगी जांच रिपोर्ट

सीएम सतीशन ने सोशल मीडिया पर जानकारी देते हुए बताया कि एकत्र किए गए नमूनों को जांच के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट करीब 10 दिनों में आने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि जांच अभियान का दायरा बढ़ाकर राज्य के अन्य पेट्रोल पंपों को भी इसमें शामिल किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि उपभोक्ताओं के अधिकारों की रक्षा और उन्हें गुणवत्तापूर्ण ईंधन उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। तेल कंपनियों के हितों से अधिक महत्व आम लोगों के अधिकारों को दिया जाएगा।

क्या है ई20 पेट्रोल?

ई20 पेट्रोल में 20 प्रतिशत तक इथेनॉल और 80 प्रतिशत पेट्रोल का मिश्रण होता है। केंद्र सरकार इस कार्यक्रम के जरिए कच्चे तेल के आयात पर निर्भरता कम करने और नवीकरणीय ईंधन को बढ़ावा देने का प्रयास कर रही है।

दरअसल, कर्नाटक में पेट्रोल में निर्धारित सीमा से अधिक इथेनॉल मिलाए जाने के आरोपों के बाद ई20 ईंधन की गुणवत्ता को लेकर विवाद बढ़ा है। इसके बाद केरल सरकार ने भी पेट्रोल पंपों से नमूने लेकर जांच कराने का फैसला किया।

सरकार का कहना है कि जांच में किसी भी तरह की गड़बड़ी सामने आने पर संबंधित जिम्मेदारों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Popular Articles