Top 5 This Week

Related Posts

ई-गवर्नेंस राष्ट्रीय पुरस्कार 2026 में आईसीएमआर-माइंड्स को स्वर्ण पदक

नई दिल्ली। भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) की प्रमुख पहल आईसीएमआर-माइंड्स (ICMR-MINDS) को ई-गवर्नेंस राष्ट्रीय पुरस्कार 2026 में स्वर्ण पदक से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान नागरिक-केंद्रित सेवाओं के लिए कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) और अन्य आधुनिक तकनीकों के प्रभावी उपयोग की श्रेणी में प्रदान किया गया।

यह पुरस्कार कार्मिक, लोक शिकायत एवं पेंशन राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने राष्ट्रीय ई-गवर्नेंस सम्मेलन के दौरान प्रदान किया। आईसीएमआर की यह परियोजना मानसिक स्वास्थ्य और नशा संबंधी विकारों की स्क्रीनिंग तथा उपचार को गैर-संचारी रोगों (एनसीडी) की सेवाओं के साथ जोड़ने पर आधारित है। इसका उद्देश्य डिजिटल तकनीक के माध्यम से मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुलभ और प्रभावी बनाना है।

आईसीएमआर-माइंड्स का क्लीनिकल डिसीजन सपोर्ट सिस्टम (सीडीएसएस) प्रशिक्षित गैर-विशेषज्ञ स्वास्थ्यकर्मियों को डिजिटल सहायता उपलब्ध कराता है, जिससे वे मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े मरीजों की स्क्रीनिंग, प्रारंभिक आकलन, फॉलो-अप और नियमित उपचार बेहतर ढंग से कर सकें। इससे विशेषज्ञ चिकित्सकों पर निर्भरता कम होती है और दूरदराज के क्षेत्रों में भी गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने में मदद मिलती है।

यह पहल देश के सात राज्यों में सात प्रमुख संस्थानों के सहयोग से संचालित की जा रही है। इनमें विभिन्न एम्स संस्थानों, गुजरात इंस्टीट्यूट ऑफ मेंटल हेल्थ, सेंट जॉन्स मेडिकल कॉलेज, बेंगलुरु और पीजीआईएमईआर, चंडीगढ़ सहित कई प्रतिष्ठित संस्थान शामिल हैं।

इस उपलब्धि पर आईसीएमआर के महानिदेशक डॉ. राजीव बहल ने कहा कि परिषद सार्वजनिक स्वास्थ्य की जटिल चुनौतियों के समाधान के लिए डेटा आधारित और आधुनिक तकनीकों के विकास के प्रति प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि राज्यों और सहयोगी संस्थानों के साथ मिलकर आईसीएमआर सस्ती, मानकीकृत और उच्च गुणवत्ता वाली स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार कार्य करता रहेगा।

Popular Articles