हल्द्वानी। शहर में चोरों के हौसले इस कदर बुलंद हो चुके हैं कि अब उन्होंने अस्पताल के सबसे संवेदनशील वार्डों को भी निशाना बना लिया। सोबन सिंह जीना बेस चिकित्सालय के आई सी यू और पीआईसी यू में लगे एयर कंडीशनरों के कॉपर पाइप काटकर चोर फरार हो गए। हैरत की बात यह है कि यह वारदात अस्पताल परिसर के भीतर हुई, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
अस्पताल के प्रमुख अधीक्षक डॉ. खड़क सिंह दताल ने मामले में कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया है। तहरीर के अनुसार, 5 जुलाई की शाम आई सी यू में लगे 8 टन क्षमता के डक्टेबल एयर कंडीशनर तथा पीआईसीयू में स्थापित दो 1.5 टन क्षमता के स्प्लिट एयर कंडीशनरों के आउटडोर कॉपर पाइप अज्ञात चोर काटकर ले गए।
अस्पताल प्रशासन ने पहले अपने स्तर पर पूरे मामले की जांच कराई, लेकिन चोरी से जुड़े कोई ठोस साक्ष्य नहीं मिले। इसके बाद पुलिस से कार्रवाई की मांग की गई। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और चोरों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। घटना के बाद अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। लोगों का कहना है कि जब अस्पताल का आईसीयूतक सुरक्षित नहीं है, तो आम लोगों की सुरक्षा का अंदाजा सहज ही लगाया जा सकता है।





