हैदराबाद। तेलंगाना के हैदराबाद में खाद्य सुरक्षा विभाग ने लोकप्रिय फास्ट फूड चेन KFC और Domino’s के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाए जाने के बाद विभाग ने दोनों कंपनियों के नौ आउटलेट के फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (FSSAI) लाइसेंस निलंबित कर दिए हैं। इनमें KFC के सात और Domino’s के दो आउटलेट शामिल हैं। अधिकारियों ने सभी नौ प्रतिष्ठानों को तत्काल प्रभाव से कारोबार बंद करने का निर्देश दिया है।
दरअसल, तेलंगाना स्टैंडर्ड्स अथॉरिटी फॉर फूड एंड एसेंशियल ड्रग्स (TG SAFE) की 13 विशेष टीमों ने 12 नवंबर को हैदराबाद के CURE क्षेत्र में KFC और Domino’s के कुल 26 आउटलेट का निरीक्षण किया था। इस दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और साफ-सफाई में कई गंभीर खामियां सामने आईं।
किचन में मिले कॉकरोच और चूहों की बीट
जांच के दौरान कुछ आउटलेट के किचन और स्टोर रूम में कॉकरोच, मक्खियां और चूहों की बीट मिली। कई जगह एक्सपायरी खाद्य सामग्री, गंदे बर्तन, खराब उपकरण, दीवारों पर फंगस और अस्वच्छ भंडारण की स्थिति भी पाई गई। कुछ कर्मचारियों को बिना हेयरनेट और एप्रन के भोजन तैयार करते हुए देखा गया।
सबसे गंभीर मामला इस्तेमाल किए गए कुकिंग ऑयल को दोबारा साफ करने के लिए बिना अनुमति सिंथेटिक मैग्नीशियम सिलिकेट के इस्तेमाल का सामने आया। अधिकारियों ने करीब 52 किलोग्राम इस रसायन को जब्त किया है। इसके अलावा मिलावट की आशंका में खाद्य पदार्थों के 20 नमूने भी जांच के लिए एकत्र किए गए।
किन आउटलेट पर हुई कार्रवाई?
निलंबित किए गए KFC के सात आउटलेट मदीनागुड़ा-मियापुर, सिंधी कॉलोनी, पंच मोहल्ला, मूसारामबाग, बंजारा हिल्स, शिल्पा कला वेदिका और इनऑर्बिट मॉल में स्थित हैं। वहीं, Domino’s के दो आउटलेट सरथ सिटी मॉल और इनऑर्बिट मॉल में हैं।
विभाग ने ऑनलाइन फूड डिलीवरी प्लेटफॉर्म स्विगी और जोमैटो को भी इन नौ आउटलेट की जानकारी देने का फैसला किया है, ताकि लाइसेंस बहाल होने तक इन्हें प्लेटफॉर्म से हटाया जा सके।
इसके अलावा आठ अन्य आउटलेट को सुधार संबंधी नोटिस और पांच आउटलेट को कारण बताओ नोटिस जारी किए जाएंगे। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि खाद्य सुरक्षा नियमों का पालन नहीं करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।





