Saturday, July 27, 2024

Top 5 This Week

Related Posts

सेनेगल के विपक्षी नेता बसीरू की राष्ट्रपति चुनाव में जीत

अफ्रीकी देश सेनेगल के राष्ट्रपति चुनाव में 44 वर्षीय विपक्षी नेता बसीरू डियोमाये फेय (Bassirou Diomaye Faye) ने जीत हासिल की है। बसीरू को चुनाव से कुछ दिन पहले ही जेल से रिहा किया गया था। सोमवार को चुनाव में जीत के बाद उन्हें देश का अगला राष्ट्रपति नामित किया गया। हालांकि, अभी तक आधिकारिक नतीजों की घोषणा नहीं की गई है। बसीरू के निकटतम प्रतिद्वंद्वी और पूर्व प्रधानमंत्री ने शुरुआती चुनाव नतीने आने के बाद ही हार स्वीकार कर ली। जिन्हें मौजूदा राष्ट्रपति मैकी सॉल (Macky Sall) का समर्थन हासिल था। वहीं, सॉल ने बसीरू को विजेता घोषित करने के साथ उन्हें देश का राष्ट्रपति चुने जाने पर बधाई दी। पश्चिम अफ्रीकी देश सेनेगल में रविवार को राष्ट्रपति चुनाव के लिए मतदान हुआ था। बसीरू ने चुनाव में बेरोजगारी और खराब शासन को मुद्दा बनाया। जिस कारण उन्हें युवाओं का समर्थन मिला। राष्ट्रपति चुनाव जीतने के बाद  सोमवार देर रात अपने पहले भाषण में पूर्व टैक्स निरीक्षक बसीरू ने देश में नया अध्याय शुरू करने का वादा किया। उन्होंने प्रचार अभियान के दौरान किए गए वादों को दोहराते हुए कहा, मैं विनम्रता और पारदर्शिता के साथ शासन करने और सभी स्तरों पर भ्रष्टाचार से लड़ने की प्रतिज्ञा करता हूं। मैं देश की संस्थाओं के पुनर्निर्माण के लिए खुद को पूरी तरह समर्पित करने का वचन देता हूं। बसीरू को सेनेगल के लोकप्रिय विपक्षी नेता ओस्मान सोनको (Ousmane Sonko) का समर्थन हासिल था। अपने भाषण के दौरान उन्होंने देश को आर्थिक बदहाली से बचाने के लिए सरकारी कंपनियों को बढ़ावा देकर देश के प्राकृतिक संसाधनों पर नियंत्रण में सुधार करने की कसम खाई है।

Popular Articles