नई दिल्ली। कॉकroach जनता पार्टी (सीजेपी) अपनी आगामी रणनीति, संगठन के विस्तार और देशभर में अपनी गतिविधियों को बढ़ाने की योजना पर चर्चा के लिए बैठक आयोजित करने जा रही है। बैठक में संगठन के अगले चरण की दिशा तय की जाएगी।
सीजेपी के नेताओं के अनुसार, बैठक में आंदोलन को आगे बढ़ाने, नए क्षेत्रों में पहुंच बनाने और छात्रों से जुड़े मुद्दों पर सक्रिय भूमिका निभाने जैसे विषयों पर विचार किया जाएगा। संगठन ने हाल ही में दिल्ली के जंतर-मंतर पर परीक्षा व्यवस्था में कथित अनियमितताओं और छात्रों की समस्याओं को लेकर लंबा आंदोलन किया था।
सूत्रों के मुताबिक, बैठक में देश के विभिन्न राज्यों में संगठन की मौजूदगी मजबूत करने और स्थानीय स्तर पर छात्रों व युवाओं से जुड़ने की योजना पर चर्चा हो सकती है। सीजेपी पहले ही संकेत दे चुकी है कि वह उन राज्यों का दौरा करेगी, जहां छात्र शिक्षा व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं का सामना कर रहे हैं।
बैठक में संगठन की संरचना को मजबूत करने, स्वयंसेवकों की भूमिका तय करने और भविष्य के अभियानों की रूपरेखा तैयार करने पर भी विचार किया जाएगा। हालांकि, सीजेपी ने फिलहाल खुद को औपचारिक राजनीतिक दल के रूप में स्थापित करने की किसी योजना से इनकार किया है और युवाओं से जुड़े मुद्दों पर जनआंदोलन के रूप में काम जारी रखने की बात कही है।
गौरतलब है कि सीजेपी ने परीक्षा सुधारों और कथित पेपर लीक मामलों को लेकर केंद्र सरकार के साथ बातचीत भी की थी। संगठन की ओर से परीक्षा प्रणाली में सुधार, प्रदर्शनकारियों पर दर्ज मामलों और अन्य मांगों को लेकर सरकार के साथ कई दौर की चर्चा हुई।
अब होने वाली बैठक को संगठन के भविष्य की दिशा तय करने के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इसमें आंदोलन के अनुभवों की समीक्षा के साथ आगे की कार्ययोजना पर अंतिम फैसला लिया जा सकता है।





