Top 5 This Week

Related Posts

हरिद्वार-देहरादून हाईवे पर चलती कार में लगी आग, चालक ने कूदकर बचाई जान

देहरादून। हरिद्वार-देहरादून हाईवे पर मणिमाई मंदिर के पास मंगलवार देर शाम एक चलती कार अचानक आग की चपेट में आ गई। हादसे के दौरान चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए समय रहते कार से बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

जानकारी के अनुसार, हाईवे पर मणिमाई मंदिर से करीब 200 मीटर आगे एक कार में अचानक आग लग गई। कुछ ही देर में वाहन आग की लपटों से घिर गया। चालक ने स्थिति को भांपते हुए तुरंत कार रोक दी और बाहर निकल गया।

घटना की सूचना डायल 112 के माध्यम से मिलने के बाद हर्रावाला चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने देखा कि कार पूरी तरह आग की चपेट में थी। इसके बाद फायर सर्विस की टीम को बुलाया गया, जिसने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

पुलिस के अनुसार, कार को देहरादून के डालनवाला निवासी हिमांशु जोशी चला रहे थे। हादसे के समय वाहन में केवल चालक ही मौजूद था। प्रारंभिक जानकारी में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

गनीमत रही कि चालक ने समय रहते वाहन से बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली और बड़ा हादसा टल गया।

Popular Articles