देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को मुख्यमंत्री आवास में आयोजित कार्यक्रम में पद्मभूषण डॉ. अनिल प्रकाश जोशी के नेतृत्व में निकाली गई 47 दिवसीय अंतरराष्ट्रीय प्रकृति पथ साइकिल यात्रा-2026 के समापन समारोह में प्रतिभाग किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने यात्रा में शामिल सभी साइकिल यात्रियों का स्वागत करते हुए अभियान की सफलता पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि विकास और पर्यावरण एक-दूसरे के विरोधी नहीं हैं, बल्कि प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण करते हुए विकास की योजनाओं को आगे बढ़ाना आवश्यक है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह यात्रा केवल लंबी दूरी तय करने का अभियान नहीं, बल्कि जल, जंगल और जमीन के संरक्षण के प्रति समाज को जागरूक करने की महत्वपूर्ण पहल है। डॉ. अनिल प्रकाश जोशी का 47 दिनों तक साइकिल यात्रा करना पर्यावरण संरक्षण के प्रति समर्पण, दृढ़ इच्छाशक्ति और संकल्प का प्रेरणादायी उदाहरण है।
जनकपुर धाम से शुरू हुई थी यात्रा
डॉ. अनिल प्रकाश जोशी ने बताया कि 2 अक्टूबर 2026 को नेपाल के जनकपुर धाम से शुरू हुई इस यात्रा में 47 दिनों के दौरान 3,000 किलोमीटर से अधिक की दूरी तय की गई। अभियान के माध्यम से नेपाल सहित भारत के विभिन्न राज्यों के 25 से अधिक जिलों और 150 से अधिक गांवों तक पर्यावरण संरक्षण का संदेश पहुंचाया गया।
प्रकृति सुरक्षित तो मानव जीवन सुरक्षित
मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘प्रकृति ही प्रभु है’ का संदेश भारतीय संस्कृति और जीवन दर्शन की मूल भावना को दर्शाता है। प्रकृति का संरक्षण केवल पर्यावरण से जुड़ा विषय नहीं, बल्कि मानव जीवन और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की जिम्मेदारी है। उन्होंने ग्रॉस एनवायरनमेंट प्रोडक्ट (जीईपी) की अवधारणा को भी महत्वपूर्ण बताया। इसके माध्यम से प्राकृतिक संसाधनों और पर्यावरण की गुणवत्ता का आकलन कर विकास और पर्यावरण के बीच संतुलन स्थापित किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की पहचान हिमालय, नदियों, वनों और जैव विविधता से है। राज्य सरकार नौले-धारे, चाल-खाल और पारंपरिक जल स्रोतों के संरक्षण के लिए जनभागीदारी को बढ़ावा दे रही है। इसमें महिलाओं और युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है।
28 नवंबर से देहरादून में होगा विश्व आपदा प्रबंधन सम्मेलन
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने 28 से 30 नवंबर तक देहरादून में आयोजित होने वाले विश्व आपदा प्रबंधन सम्मेलन-2026 के पोस्टर का विमोचन भी किया। यू-कॉस्ट के महानिदेशक प्रो. दुर्गेश पंत ने बताया कि सम्मेलन की थीम ‘सिलक्यारा के साहस से वैश्विक आपदा प्रतिरोधक क्षमता तक’ रखी गई है। इसमें आपदा पूर्वानुमान, बचाव की तैयारियों, आधुनिक तकनीक और आपदा प्रबंधन की क्षमता विकसित करने जैसे विषयों पर चर्चा होगी।





