गुवाहाटी। असम के सिलचर नगर निगम के पहले चुनाव में भाजपा के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) ने बड़ी जीत दर्ज की है। 42 वार्डों वाले नगर निगम में NDA ने 34 सीटों पर कब्जा किया। भाजपा ने अकेले 32 सीटें जीतीं, जबकि उसकी सहयोगी असम गण परिषद (AGP) को दो सीटें मिलीं। कांग्रेस के खाते में केवल दो सीटें आईं, जबकि छह सीटों पर निर्दलीय उम्मीदवार विजयी रहे।
चुनाव में मतदान बैलेट पेपर के जरिए कराया गया था। 3 अक्टूबर को 40 वार्डों में मतदान हुआ, जबकि दो वार्डों में भाजपा उम्मीदवार निर्विरोध चुने गए थे। मतगणना के बाद NDA को नगर निगम में स्पष्ट बहुमत मिल गया है। भाजपा ने दो वार्डों में दोबारा मतगणना की मांग भी की है।
कांग्रेस पर सीएम सरमा का निशाना
चुनाव परिणाम आने के बाद असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कांग्रेस पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस बैलेट पेपर से होने वाले चुनाव में भी हार रही है। सरमा की यह टिप्पणी ऐसे समय आई है, जब कांग्रेस और राहुल गांधी लगातार चुनाव प्रक्रिया तथा ईवीएम को लेकर सवाल उठाते रहे हैं।
भाजपा नेताओं ने सिलचर के चुनाव परिणाम को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के विकास एजेंडे में जनता के विश्वास के तौर पर पेश किया। पार्टी का कहना है कि नतीजे असम में भाजपा के मजबूत जनाधार को दर्शाते हैं।
पहली बार हुआ नगर निगम चुनाव
सिलचर नगर निगम को 2022 में 42 वार्डों वाले नगर निगम के रूप में अपग्रेड किया गया था और जून 2025 में यह अस्तित्व में आया। इसके बाद पहली बार निर्वाचित नगर निकाय के लिए चुनाव हुए। चुनाव प्रचार के दौरान खराब सड़कें, जलभराव, नालियों की समस्या, बिजली की अनियमित आपूर्ति और पेयजल की कमी जैसे स्थानीय मुद्दे प्रमुख रहे।





