ई-चालान के बहाने मोबाइल हैक, खाते से 1.19 लाख रुपये साफ; मुकदमे दर्ज कर आखिर कब तक सोती रहेगी पुलिस?
हल्द्वानी। साइबर ठगी की शिकायतें बढ़ रही हैं, खाते लुट रहे हैं और पीड़ित अपनी मेहनत की कमाई वापस पाने के लिए थानों के चक्कर काट रहे हैं। लेकिन साइबर अपराधियों तक पुलिस के हाथ कब पहुंचेंगे? मुखानी थाना क्षेत्र में ई-चालान के नाम पर मोबाइल हैक कर 1 लाख 19 हजार 65 रुपये उड़ाने का नया मामला सामने आया है। सवाल यह है कि लगातार मुकदमे दर्ज होने के बावजूद साइबर ठगों पर प्रभावी शिकंजा कब कसेगा?
छड़ायल नयाबाद निवासी हरीश चंद्र मेलकानी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके मोबाइल पर ई-चालान से संबंधित संदेश आया था। इसके तीन दिन बाद उनके बैंक खाते से तीन अलग-अलग जगहों पर 1,19,065 रुपये ट्रांसफर हो गए। पीड़ित के मुताबिक, इस दौरान उनका मोबाइल भी हैक हो गया था। उनका खाता नैनीताल रोड स्थित दुर्गा सिटी सेंटर की आईडीबीआई शाखा में है।पीड़ित ने आशंका जताई कि अज्ञात व्यक्ति ने मोबाइल हैक कर बैंक खाते से रकम निकाल ली। घटना के बाद उन्होंने पुलिस से कार्रवाई कर ठगी की रकम वापस दिलाने की गुहार लगाई।
साइबर ठगी पर सवालों के घेरे में पुलिस
ई-चालान, फर्जी संदेश और मोबाइल हैकिंग के जरिए साइबर अपराधी लोगों की जमा-पूंजी पर हाथ साफ कर रहे हैं। ऐसे मामलों में केवल मुकदमा दर्ज करना पर्याप्त नहीं है। पीड़ितों को रकम वापस दिलाने और आरोपियों तक पहुंचने के लिए ठोस कार्रवाई जरूरी है। लगातार सामने आ रहे साइबर अपराधों के बीच पुलिस की गिरफ्तारी और बरामदगी का इंतजार अब भी बना हुआ है।





