Top 5 This Week

Related Posts

वीकेंड पर हल्द्वानी में ट्रैफिक का पहरा, पहाड़ जाने से पहले पढ़ लें नया रूट प्लान

तीनपानी से काठगोदाम तक बदलेगा यातायात, भारी वाहनों की नो एंट्री; नैनीताल-भवाली से लौटने वाले पर्यटक भी वैकल्पिक रास्तों से गुजरेंगे

हल्द्वानी। वीकेंड पर पहाड़ों की ओर उमड़ने वाली पर्यटकों की भीड़ को देखते हुए पुलिस ने हल्द्वानी में यातायात व्यवस्था संभालने के लिए नया डायवर्जन प्लान लागू किया है। शनिवार और रविवार को शहर से पहाड़ी क्षेत्रों की ओर जाने वाले वाहनों को निर्धारित वैकल्पिक मार्गों से गुजारा जाएगा। वहीं 14 और 15 नवंबर को भारी वाहनों की आवाजाही पर भी सख्ती रहेगी। यातायात प्लान सुबह नौ बजे से रात दस बजे तक प्रभावी रहेगा।

किस रास्ते से गुजरेंगे वाहन?

बरेली रोड से पहाड़ जाने वाले वाहन: तीनपानी फ्लाईओवर से गोलापार रोड होते हुए नारीमन तिराहा काठगोदाम पहुंचेंगे।

रुद्रपुर से पहाड़ जाने वाले वाहन: पंतनगर तिराहा (दिनेशपुर मोड़) से नए राष्ट्रीय राजमार्ग-109 होते हुए लालकुआं, तीनपानी फ्लाईओवर, गोलापार रोड और नारीमन तिराहा से जाएंगे। हल्द्वानी शहर की ओर आ चुके वाहन गन्ना सेंटर से डायवर्ट होकर तीनपानी फ्लाईओवर और गौला रोड से नारीमन तिराहा पहुंचेंगे।

रामनगर और बाजपुर से आने वाले वाहन: कालाढूंगी नैनीताल तिराहे से मंगोली होते हुए अपने गंतव्य को जाएंगे।
14 और 15 नवंबर को सुबह तीन बजे से रात 11 बजे तक यात्रा मार्ग पर भारी वाहनों का संचालन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। आवश्यक सेवाओं से जुड़े भारी वाहन जैसे सब्जी, फल, ईंधन, गैस और दूध के वाहन भी दोपहर दो बजे से रात 11 बजे तक यात्रा मार्ग पर नहीं चल सकेंगे।

पर्वतीय क्षेत्र से हल्द्वानी आने वाले भारी वाहनों को सुबह तीन बजे से रात 11 बजे तक जनपद सीमा पर रोका जाएगा। शहर की ओर पहुंच चुके भारी वाहनों को नंबर एक बैंड से पीछे सड़क किनारे और पुलिस चौकी सलड़ी क्षेत्र में अमृतपुर मोड़ के अंदर पार्क कराया जाएगा।

काठगोदाम में यातायात का दबाव बढ़ने पर दोपहर तीन बजे के बाद नैनीताल और भवाली से मैदानी क्षेत्रों की ओर आने वाले पर्यटक वाहनों को मस्जिद तिराहे से डायवर्ट किया जाएगा। ये वाहन नंबर एक बैंड और रूसी बाईपास द्वितीय से रूसी बाईपास प्रथम होते हुए कालाढूंगी के रास्ते अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे। पर्वतीय क्षेत्रों से हल्द्वानी आने वाली रोडवेज और केमू की बसें अपने निर्धारित मार्ग से ही संचालित होंगी। वीकेंड पर पहाड़ों का रुख करने वाले पर्यटक और स्थानीय वाहन चालक घर से निकलने से पहले डायवर्जन प्लान देख लें। निर्धारित मार्गों का पालन करें, ताकि जाम में फंसकर सफर परेशानी का सबब न बने।

Popular Articles